बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। कोतवाली देहात इलाके के मारी माता मंदिर के पास दो गाड़ियों में भरकर आए नकाबपोश बदमाशों ने एक बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दिन-दिहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, दरगाह थाना क्षेत्र के सलारगंज निवासी उत्कर्ष अपनी बाइक से जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेरकर गोली मार दी। इस दौरान बाइक पर उसके साथ बैठे सीतापुर निवासी नीरज पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से प्रहार किया, जिससे उसका सिर फट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
Khabar Monkey
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लहूलुहान घायलों को तत्काल बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। जिले में लगातार हो रही ताबड़तोड़ वारदातों ने पुलिस की सक्रियता और गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





