देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से लौट रहे एक हेलीकॉप्टर की जोशीमठ क्षेत्र की पहाड़ी में क्रैश होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में 6 लोग सवार थे। सीएम धामी ने हादसे को लेकर दुख जताया है।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार बद्रीनाथ धाम से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ में चाई गांव के पास अचानक गायब हो गया। जिसमें पायलट समेत छह यात्री सवार थे। सेना की यूनिट ने DM चमोली को इस घटना के बारे में सूचना दी। जिसके बाद से प्रशासन और रेस्क्यू टीमें जुट गई हैं। बताया जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पायलट से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है।
सीएम धामी ने क्या बताया
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा किचाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
जिला प्रशासन चमोली की और से जानकारी दी गई है कि आज 30102026 को समय लगभग दो बजे बद्रीनाथ से वापस जा रहे ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की और पहाड़ी में दुघर्टनाग्रस्त होने की सूचना है। जिसमें 01 पायलट और 05 यात्री सवार होने बताए जा रहे है। राहत एवं बचाव के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना एवं आईटीबीपी मौके के लिए रवाना हो गयी है।