Bakrid Dessert Recipes: बकरीद के मौके पर कुर्बानी के साथ-साथ दावतों का सिलसिला भी चलता रहता है। इस वर्ष यह पर्व 25 मई को मनाया जाएगा। इस समय दोस्तों से लेकर रिश्तेदारों तक लोग एक दूसरे के घर जाते हैं और दावत का लुत्फ उठाते हैं। इस दौरान कई तरह की डिशेज और डेजर्ट बनाए जाते हैं।

बकरीद का त्योहार इबादत और खुशियों के साथ-साथ स्वादिष्ट पकवानों के लिए भी खास माना जाता है। इस दिन घरों में तरह-तरह की डिश और मिठाइयां बनाई जाती हैं। खासतौर पर दावत में खाने के बाद कुछ मीठा जरूर बनाया जाता है। ऐसे में आप इन रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं जो घर पर आसानी से बनाई जा सकती हैं।
फिरनी
सामग्री
बासमती चावल-1/4 कप
दूध- 1 लीटर
चीनी- 1/2 कप
इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
केसर- जरा सा
बादाम और पिस्ता
गुलाब जल- 1 चम्मच
बनाने का तरीका
सबसे पहले चावल को अच्छी तरह से धो लें और 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद पानी निकालकर चावल को हल्का दरदरा पीस लें। अब एक पैन में दूध डालकर उबाल लें। जब दूध उबलने लगे तो पिसा हुआ चावल डालें और इसे लगातार चलाते रहें ताकि इसमें गुठलियां न बनें। अब धीमी आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए।
अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालें। कुछ देर पकाने के बाद गैस बंद कर लें। इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा गुलाब जल मिला सकते हैं। अब इसे ठंडा या गर्म दोनों तरह से सर्व कर सकते हैं।
शाही टुकड़ा
सामग्री
ब्रेड स्लाइस- 5-6
दूध- 1 लीटर
चीनी- 1/2 कप
घी- जरूरत के अनुसार
इलायची पाउडर- 1/2 चम्मच
केसर- थोड़ा सा
ड्राई फ्रूट्स- बादाम, पिस्ता, काजू आदि
Khabar Monkey
बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रेड के किनारों को काट लें और उन्हें त्रिकोण शेप दें। अब कढ़ाई में घी गर्म करें और ब्रेड के टुकड़ों को धीमी आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राई करें। एक दूसरे पैन में दूध उबालने के लिए रख दें और उसे लगातार चलाते रहें। जब दूध आधा होने तक पक जाए तो उसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर मिलाएं। जब दूध गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें।
अब एक प्लेट में फ्राई की हुई ब्रेड रखें और उसके ऊपर रबड़ी डालें। इसके बाद ऊपर से गार्निश के लिए बादाम, पिस्ता और काजू डालें। इस तैयार शाही टुकड़े को कुछ देर ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें। बकरीद पर इस तरह कम समय में स्वीट डिश तैयार कर सकते हैं।





