राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में करगिल के हीरो और एयरफोर्स से रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज किया है. वहीं मौके पर लगे CCTV कैमरे की फुटेज की आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है. इस वारदात के पीछे की वजह पार्किंग का विवाद बताया जा रहा है.

पुलिस के मुताबिक यह वारदात 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे की है. जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम में रहने वाले 1999 के करगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन सफेद सागर में हिस्सा ले चुके रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ फैमिली डिनर पर गए थे. सेक्टर58 स्थित M3M मैग्नम बिजनेस पार्क गोंजो रेस्टोरेंट के बाहर कार पार्किंग के दौरान पार्किंग अटेंडेंट से उनकी कहासुनी हो गई.
हमले में टूट गई हाथ की हड्डी
आरोप है कि इस दौरान पार्किंग अटेंडेंट ने लोहे की रॉड से हमला किया. इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और हाथ की हड्डी टूट गई. उन्होंने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि पार्किंग स्टाफ ने गाडी पार्क करने के लिए उन्हें अलगअलग जगहों पर भेजा. इसी बात पर विवाद हो गया. वहीं जब उन्होंने कार पीछे करने की कोशिश की तो एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार की विंडशील्ड पर हाथ मारा. इसका विरोध करने पर आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला किया.
वारदात की जांच में जुटी पुलिस
आरोप है कि पार्किंग अटेंडेंट ने पहला हमला सिर पर किया और दूसरे हमले को बचाने के लिए अमित गुप्ता ने हाथ उठाया तो हाथ टूट गया. इससे वह जमीन पर गिर गए. आनन फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां सिर पर चोट और हाथ में फ्रैक्चर का इलाज किया गया. अमित गुप्ता के मुताबिक वारदात के वक्त पार्किंग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी न तो उनकी मदद की और ना ही पुलिस को सूचना दी. इसकी वजह से उन्हें इलाज में भी देरी हुई. फिलहाल सेक्टर65 थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.