प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज के सबसे व्यस्त इलाके सिविल लाइन्स से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ स्थित प्रसिद्ध बिट्ठल होटल में अचानक भीषण आग लग गई है। आग इतनी भयानक है कि होटल की खिड़कियों और छतों से तेज आग की लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में उठता हुआ साफ देखा जा सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन्स थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां (फायर टेंडर) तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं।

राहत और बचाव दल की मदद से आग पर काबू पाने की जद्दोजहद लगातार जारी है, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अभी तक इस पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक पता नहीं चल पाया है, लेकिन मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके तुरंत बाद चिंगारियां होटल तक पहुंच गईं और इसने विकराल रूप ले लिया।
इस हादसे में सबसे चिंताजनक बात यह है कि तकरीबन एक दर्जन से अधिक लोग अभी भी होटल के अंदर फंसे हुए हैं। दमकलकर्मी और पुलिस प्रशासन की टीमें सीढ़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने (रेस्क्यू) के काम में युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
Khabar Monkey
प्रयागराज के होटल में लगी इस भीषण आग की घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि वे मौके पर रहकर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाएं और होटल के अंदर फंसे हर एक नागरिक को सुरक्षित बाहर निकालना सुनिश्चित करें।





