पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी का 25 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चीन दौरा महज एक औपचारिक कूटनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया की बदलती भू-राजनीतिक संरचना का संकेतक है. इस यात्रा का केंद्रीय तत्व चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर (CPEC) को पुनः गति देना और द्विपक्षीय संबंधों को आर्थिक साझेदारी से आगे रणनीतिक समन्वय की दिशा में विस्तारित करना है. एक ऐसा विकास, जिसे भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखता है.

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, हुनान के चांग्शा और हाइनान के सान्या में क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ बैठकों के जरिए व्यापार, निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग पर विमर्श करेंगे, लेकिन इन बैठकों का वास्तविक महत्व इस बात में निहित है कि चीन और पाकिस्तान अपने ऑल-वेदर स्ट्रैटेजिक कोऑपरेटिव पार्टनरशिप को किस हद तक संस्थागत रूप दे पाते हैं. खासतौर पर ऐसे समय में जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं, ऊर्जा मार्ग और समुद्री भू-राजनीति पुनर्संरचित हो रही हैं.
यह दौरा दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के साथ जुड़ा हुआ है, जो इसे प्रतीकात्मक के साथ-साथ रणनीतिक गहराई भी देता है.
भारत के लिए इसके Strategic Implications क्या है ?
CPEC: आर्थिक परियोजना से भू-राजनीतिक उपकरण तक
CPEC, जो औपचारिक रूप से एक इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट है, व्यवहार में चीन की पश्चिमी पहुँच और पाकिस्तान की आर्थिक निर्भरता का संगम बन चुका है. इसका पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से गुजरना भारत के लिए न केवल संप्रभुता का प्रश्न है, बल्कि यह चीन की भौगोलिक उपस्थिति को विवादित क्षेत्र में संस्थागत रूप देता है.
चीन-पाकिस्तान Axis का सुदृढ़ीकरण
इस यात्रा को एक व्यापक रणनीतिक कंसॉलिडेशन के रूप में देखा जा सकता है, जहां चीन और पाकिस्तान अपने रक्षा, आर्थिक और कूटनीतिक हितों को अधिक समन्वित करने की दिशा में बढ़ रहे हैं. यह भारत के लिए दो-फ्रंट रणनीतिक चुनौती (China-Pakistan collusive threat) को और स्पष्ट करता है.
समुद्री आयाम और इंडो-पैसिफिक समीकरण
हाइनान में उच्च-स्तरीय संवाद का अर्थ केवल आर्थिक सहयोग नहीं है; यह दक्षिण चीन सागर और हिंद महासागर के बीच उभरते समुद्री संपर्कों की ओर भी संकेत करता है. चीन की String of Pearls रणनीति और पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट के संदर्भ में यह भारत के समुद्री हितों के लिए दीर्घकालिक चुनौती बन सकता है.
वैश्विक ध्रुवीकरण और भारत की कूटनीतिक स्थिति
जब भारत क्वाड, यूरोप और वैश्विक दक्षिण के साथ बहुपक्षीय संतुलन साधने की कोशिश कर रहा है, उसी समय चीन-पाकिस्तान की बढ़ती निकटता क्षेत्रीय ध्रुवीकरण को और स्पष्ट करती है. यह प्रतिस्पर्धी गठबंधनों (Competing Alignments) के उभरते दौर का संकेत है.
जानकर मानते हैं कि जरदारी का यह चीन दौरा एक रूटीन स्टेट विजिट के फ्रेम से कहीं आगे जाकर देखा जाना चाहिए. यह दक्षिण एशिया में शक्ति-संतुलन, कनेक्टिविटी राजनीति और सामरिक साझेदारियों के नए चरण का संकेत देता है. भारत के लिए यह एक रिमाइंडर है कि आर्थिक परियोजनाएं अब केवल विकास का माध्यम नहीं रहीं, बल्कि वे भू-राजनीतिक प्रभाव और रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के उपकरण बन चुकी हैं.
–





