लखनऊ: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आतंकवाद और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एटीएस ने आजमगढ़ जिले के रहने वाले मोहम्मद शेख नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके तार सीधे तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है। आरोपी के पास से एटीएस ने एक 9 एमएम पिस्टल, चार कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
Khabar Monkey

एटीएस की प्राथमिक जांच से पता चला है कि मोहम्मद शेख सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान और दुबई स्थित नेटवर्क के संपर्क में था। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी को पैसों का लालच देकर और धार्मिक भावनाओं को भड़काकर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था। यह नेटवर्क केवल मोहम्मद शेख तक ही सीमित नहीं था, बल्कि वह अन्य युवाओं को भी शहजाद भट्टी के कथित आतंकी गैंग से जोड़ने की फिराक में था।
सूत्रों के मुताबिक, शेख का संपर्क शहजाद भट्टी के सहयोगियों, अजमल गुर्जर और ‘राजा पाकिस्तान’ जैसे संदिग्धों से भी था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि आरोपी को ट्रायल के तौर पर किसी अन्य राज्य की एक महिला राजनीतिक नेत्री को धमकाने और फिर उसकी हत्या करने का टास्क दिया गया था। मोहम्मद शेख ने इसके लिए हथियारों का इंतजाम भी कर लिया था और हमले की पूरी तैयारी कर चुका था। एटीएस अब आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। यह जांच अब भी जारी है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं, जो देश की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं।












