सीजीआई सूर्यकांत ने हाल ही में एक केस की सुनवाई करते हुए देश के बेरोजगार युवाओं और फर्जी डिग्रीधारकों को ‘कॉकरोच’ बताया था, जिसके बाद बवाल मच गया। सिर्फ इतना ही नहीं, इसी के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी शुरू हो गई। हालांकि, ये कोई राजनीतिक पार्टी या दल नहीं है, बल्कि यह एक ऑनलाइन पेज या ग्रुप है, जो सीजीआई की टिप्पणी के विरोध में शुरू हुआ।
Khabar Monkey

कुछ दिनों में ही कॉकरोच जनता पार्टी नाम के इस पेज के इंस्टाग्राम पर मिलियन में फॉलोवर्स हो गए। दीया मिर्जा, कोंकणा सेन शर्मा, पूरब झा और विशाल डडलानी समेत कई सेलेब्स ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फॉलोअर्स बन गए। अब शेखर सुमन ने भी इस पर रिएक्ट किया है। साथ ही उन्होंने अपने शो में नीट पेपर लीक पर भी तंज कसा है।
कॉकरोच जनता पार्टी पर शेखर सुमन ने शेयर किया वीडियो
शेखर सुमन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनसे पूछा गया कि आप क्या सोच रहे हैं, तो अभिनेता ने जवाब दिया कॉकरोच के बारे में। शेखर ने आगे कहा, “कॉकरोच जनता पार्टी का भाई तुमने सुना है? मतलब तीन दिनों के अंदर 13.5 मिलियन फॉलोअर्स? हिट है, हिट है, वाह पार्टी हिट है… नहीं, नहीं, नहीं हिट नहीं है। हिट तो कॉकरोच को मार भी देता है, लेकिन ये देखना पहली बार होगा, जब कॉकरोच सिस्टम को हिट करेंगे।”
इसके आगे उन्होंने कहा, “पता है कि वैज्ञानिकों ने क्या कहा है। अगर कोई परमाणु बम इस धरती पर गिरे, तो सबकुछ खत्म हो जाएगा, सिवाय कॉकरोच के। वाह, इस पर तो बड़े जश्न की जरूरत है। दुनियाभर के कॉकरोच को एक हो जाना चाहिए। कॉकरोच की जय हो और एक बात, मैं कॉकरोच को अप्रोच करना चाहता हूं।”
नीट पेपर लीक पर क्या बोले शेखर सुमन
शेखर सुमन ने अपने यूट्यूब शो ‘शेखर टुनाइट’ में कहा, “आपने गौर किया कि सरकार हमें बोलने से रोक सकती है। सोशल मीडिया पर कॉन्टेंट डालने से रोक सकती है, सोना खरीदने से रोक सकती है, विदेश जाने से रोक सकती है। पेट्रोल-डीजल और एलपीजी खरीदने से रोक सकती है। यहां तक कि पाकिस्तान का पानी भी रोक सकती है, मगर नीट का पेपर लीक होने से नहीं रोक सकती। अब देखिए ना जिस परीक्षा को हम वॉटर प्रूफ तिरपाल समझ रहे थे, वो तो कमबख्त मच्छरदानी निकली।”





