Viral

पसीने से लथपथ स्कूल जाते-जाते परेशान हुआ बच्चा, ड्रेस पहन कैमरे पर सुनाई दिल की बात

पसीने से लथपथ स्कूल जाते-जाते परेशान हुआ बच्चा, ड्रेस पहन कैमरे पर सुनाई दिल की बात

 उत्तर भारत में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. कई शहरों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है और दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाएं लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं. इस भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर देखने को मिल रहा है, जिन्हें रोजाना भारी बैग लेकर तपती धूप में स्कूल जाना पड़ता है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक छोटे बच्चे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी मासूम शिकायत से इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया है.

वायरल वीडियो में एक स्कूली बच्चा यूनिफॉर्म पहने सड़क किनारे खड़ा नजर आता है. वह अपने मोबाइल के फ्रंट कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड करते हुए गर्मी को लेकर नाराजगी जाहिर करता है. बच्चे के चेहरे पर पसीना साफ दिखाई देता है और उसकी आवाज में थकान भी महसूस की जा सकती है. वह बेहद मासूम अंदाज में कहता है कि इतनी तेज धूप और गर्मी में स्कूल जाना बच्चों के लिए बहुत मुश्किल हो गया है. बच्चा कहता है कि रोजाना धूप में स्कूल पहुंचते-पहुंचते हालत खराब हो जाती है और बच्चों पर थोड़ा रहम किया जाना चाहिए.

वीडियो में आगे बच्चा ऐसा बयान देता है, जिसने लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया. वह कहता है कि अगर वह कभी देश का प्रधानमंत्री बना, तो सबसे पहले गर्मियों में स्कूल खुलने पर रोक लगा देगा. बच्चे का यह अंदाज इतना मजेदार और बेबाक था कि देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कई लोगों ने इसे बच्चों के दिल की बात बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में बच्चे की खिंचाई भी शुरू कर दी.

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था और कुछ ही समय में लाखों लोगों तक पहुंच गया. वीडियो को भारी संख्या में लाइक्स और शेयर मिले हैं. कमेंट सेक्शन में लोग जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि बच्चे ने वो बात कह दी जो हर स्टूडेंट सोचता है. वहीं दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि लगता है भाई का होमवर्क पूरा नहीं हुआ था, इसलिए स्कूल बंद करवाना चाहता है.

कुछ लोगों ने शिक्षकों का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ बच्चे ही नहीं, बल्कि टीचर्स भी इसी गर्मी में रोज स्कूल जाते हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने मजेदार सवाल पूछा कि आखिर बच्चा स्कूल जाते समय मोबाइल लेकर कैसे घूम रहा था. वजह चाहे जो भी रही हो, लेकिन इस छोटे बच्चे की मासूम शिकायत ने सोशल मीडिया पर लोगों का खूब मनोरंजन किया और गर्मी के बीच मुस्कुराने का एक नया कारण दे दिया.

Leave a Reply