सुबह के वक्त जब समय कम रहता है तो समझ नहीं आता कि नाश्ते में क्या बनाया जाए। खासकर ऑफिस जाने वाली महिलाओं के लिए कभी-कभी यह बड़ी समस्या बन जाती है। क्योंकि खुद तैयार होना होता है और बच्चों को भी स्कूल भेजना होता है। ऐसे में समझ नहीं आता कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी हो और बच्चों को भी पसंद आए। हालांकि, अब आपको टेंशन लेने की जरूर नहीं क्योंकि काफी कम समय में आप आसानी से टेस्टी-टेस्टी सूजी चीला बना सकती हैं।

सूजी चीला आप वैसे भी बनाती होंगी, लेकिन इस बार थोड़ा अलग तरह से बनाएं जो बच्चों को खास तरह से पसंद आएगा। इस बार इसे रोल स्टाइल में बनाएं, जो बच्चों को बेहद पसंद आएगा आइए जानते हैं इसे बनाने की विधि और इसमें डाली जाने वाली सामग्री के बारे में:
रोल वाला सूजी चीला बनाने के लिए सामग्री
1 कप सूजी
आधी कप दही
सबसे पहले 1 कप सूजी में आधी कप दही डालकर इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए हल्का घोल तैयार कर लें। अब इसे 15-20 मिनट के लिए रख दें। इतने देर में सूजी अच्छे से फूल जाएगी। ध्यान रहे पानी अधिक नहीं मिलाना है।
सब्जियां और मसाले
1 गाजर (बारीक कटी हुई)
1 प्याज (बारीक कटी हुई)
आधा कप पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)
2-3 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)
1 हरा मिर्च (बारीक कटा हुआ)
नमक स्वादानुसार
भुना हुआ जीरा पाउडर (वैकल्पिक)
एक चुटकी हिंग (वैकल्पिक)
तेल या घी
जब तक सूजी और दही फूले उतने देर में आप इन सारी सब्जियों को काटकर एक प्लेट में रख दें। ऊपर से पनीर को कद्दूकस करते हुए अच्छे से मिक्स कर दें। इससे आपका समय बचेगा।
सूजी चीला रोल बनाने की विधि
Khabar Monkey
सबसे पहले सूजी और दही के पेस्ट को चम्मच की मदद से अच्छे से फेंट लें। अब गैस पर एक नॉन-स्टीक तवे को गर्म कर लें। इसपर तेल या घी डालकर पेस्ट को चम्मच की मदद से फैला दें। बड़ा चम्मच है तो 2 या 3 चम्मच पेस्ट काफी है।
अब ऊपर से तैयार सब्जियों और पनीर के मिश्रण को डालकर फैला दें। इसे धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें।
जब नीचे से कुरकुरा हो जाए तो इसे सावधानी से पलट दें। 2-3 मिनट तक पकने के बाद इसे वापस से पलट दें। अब इसे पौनी (स्पैचुला) की मदद से दोनों तरफ से मोड़ दें।
एक प्लेट में निकालकर आप इसे बीच में से काटकर बच्चों के टिफिन में पैक कर सकती हैं। या फिर नाश्ते में भी सर्व कर सकती हैं।
इस तरह आप कम समय में एक नया डिश झटपट तैयार कर सकती हैं, जो खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होती है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी प्रदान करता है।





