पुणे; महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इनमें से चार मौतें पुणे सिटी पुलिस क्षेत्र में हुई हैं, जबकि आठ मौतें पिंपरी-चिंचवड पुलिस क्षेत्र में दर्ज की गईं। पिंपरी के एसीपी सचिन हिरे ने बताया कि इस मामले में अब तक 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर अवैध शराब की सप्लाई चेन में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने कहा कि शराब के सैंपल्स की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

ये भी पढ़ें:बूढ़े हो गए मंत्री, शिवसेना में उठने लगी एकनाथ शिंदे के सीएम बनाने की मांंग
एसीपी सचिन हिरे ने बताया, ‘डापोडी इलाके में जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत हुई है। हमने गैर इरादतन हत्या समेत कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब तक 5 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और दो को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है। पूरी सप्लाई चेन हमारे कब्जे में है और जांच जारी है।’ उन्होंने आगे कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में एक वानखेड़े नामक व्यक्ति है, जो सप्लाई चेन की बीच की कड़ी था। दूसरा प्रजापति नाम का आरोपी पुणे से शराब की सप्लाई करता था। उसने जहरीले रसायनों का घातक मिश्रण तैयार किया था। पुलिस अब पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
रोहित पवार ने पुलिस पर उठाए सवाल
एनसीपी-एससीपी विधायक रोहित पवार ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अवैध शराब कारोबारियों को बचाने की कोशिश कर रही है। रोहित पवार ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों में कई लोगों की मौत जहरीली शराब से हुई, लेकिन पुलिस इसे हार्ट अटैक या अन्य कारण बताकर सच छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुणे में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है।
Khabar Monkey
रोहित पवार ने यह भी आरोप लगाया कि अगर सरकार और पुलिस इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, तो इसका मतलब है कि पुलिस विभाग भी इस अवैध कारोबार में शामिल हो सकता है। इस घटना के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। जनता ने पुलिस के साथ-साथ राज्य आबकारी विभाग पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं, फॉरेंसिक विभाग ने जहरीली शराब की जांच पूरी कर रिपोर्ट डापोडी पुलिस स्टेशन को सौंप दी है। शुरुआती जांच में शराब में जहरीले रसायनों और विषैले पदार्थों की मिलावट की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई तेज करने की तैयारी कर रही है।





