Thursday, April 30, 2026
Viral

दुष्कर्म के बाद महिला का रेता गला, एम्बुलेंस नहीं मिली तो साइकिल के ठेले पर अस्पताल ले गए परिजन, हालत नाजुक

ओडिशा के ढेंकानाल जिले के भापुर इलाके से एक बेहद भयावह और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को सदमे और गुस्से में डाल दिया है। यहां एक स्थानीय महिला के साथ न केवल दरिंदगी की हदें पार की गईं, बल्कि उसका गला रेतकर उसकी हत्या की भी कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह सपुआ नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उस पर बेरहमी से हमला कर दिया।

दुष्कर्म के बाद महिला का रेता गला, एम्बुलेंस नहीं मिली तो साइकिल के ठेले पर अस्पताल ले गए परिजन, हालत नाजुक
दुष्कर्म के बाद महिला का रेता गला, एम्बुलेंस नहीं मिली तो साइकिल के ठेले पर अस्पताल ले गए परिजन, हालत नाजुक

चेहरे को भी बुरी तरह काटा

बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला की पहचान छिपाने और उसकी मौत सुनिश्चित करने के इरादे से उसके चेहरे को भी बुरी तरह काट दिया और मौके से फरार हो गया। यह हमला इतना खौफनाक था कि सुनने वालों की रूह कांप उठे।

कई घंटों तड़पती रही पीड़िता

घटना के बाद महिला कई घंटों तक मौके पर ही पड़ी तड़पती रही। जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद एक स्थानीय चरवाहे ने महिला को गंभीर हालत में देखा और तुरंत लोगों को इसकी जानकारी दी।

पीड़िता को नहीं मिली एंबुलेंस

लेकिन इस घटना ने सिर्फ अपराध ही नहीं, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल भी खोल दी। महिला की हालत बेहद नाजुक होने के बावजूद उसे समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाई। मजबूरी में गांव के लोगों को उसे एक साइकिल के ठेले पर लादकर अस्पताल ले जाना पड़ा।

मौत से जंग लड़ रही पीड़िता

बाद में स्थिति बिगड़ने पर उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

दो के बयान दर्ज किए गए

ढेंकानाल के एसपी अभिनव सोनकर ने कहा, ‘पीड़िता की हालत नाजुक है और वह अभी कुछ भी कहने या बताने की स्थिति में नहीं है। उसे कटक के एससीबी अस्पताल शिफ कर दिया गया है। शिकायत मिलने के तुरंत बाद हमनें एक नामजद आरोपी के अलावा 2 और लोगों से पूछताछ की है। पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज करने के बाद पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। हम अभी प्राथमिक जांच कर रहे हैं। जल्द ही जांच पूरा कर एक्शन लेंगे।’

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Leave a Reply