नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले दिल्ली-NCR के लोगों को बड़ी राहत देने की तैयारी हो रही है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नोएडा अथॉरिटी ने दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच आसान बनाने के लिए एक नए 10 लेन हाईवे कॉरिडोर का प्लान तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट का मकसद नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक कम करना और यात्रियों को तेज व आसान सफर देना है।
Khabar Monkey

इस योजना के तहत यमुना नदी के किनारे बनी एम्बैंकमेंट रोड को चौड़ा कर 10 लेन का आधुनिक बाईपास बनाया जाएगा। यह रोड नोएडा के सेक्टर-94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव तक जाएगी और वहां यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगी। फिलहाल यह सड़क 4 लेन की है, जिसे पहले 6 लेन और बाद में 10 लेन तक विस्तार दिया जाएगा। इससे दिल्ली से सीधे जेवर एयरपोर्ट पहुंचना काफी आसान और तेज हो जाएगा।
चिल्ला एलिवेटेड रोड से मिलेगा सीधा कनेक्शन
इस प्रोजेक्ट को चिल्ला एलिवेटेड रोड से भी जोड़ा जाएगा। करीब 5.9 किलोमीटर लंबी यह सड़क मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बनाई जा रही है और इसके अगले साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा महामाया फ्लाईओवर से ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन तक 1.4 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड लिंक रोड भी बनाई जाएगी। इससे दिल्ली से आने वाले वाहन बिना एक्सप्रेसवे में घुसे सीधे नए बाईपास तक पहुंच सकेंगे।
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद बढ़ेगा ट्रैफिक
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इस इलाके में ट्रैफिक तेजी से बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए यह नया रोड नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रोजेक्ट की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार होने के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाई जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट का खर्च नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी मिलकर उठाएंगी।
15 जून से शुरू हो सकता है एयरपोर्ट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 15 जून से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू होने की संभावना है। शुरुआत में इंडिगो एयरलाइंस यहां से लखनऊ, बेंगलुरु, अमृतसर, हैदराबाद और जम्मू जैसी शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी।





