Viral

दिल्ली में आज होगी बारिश, फिर 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा… यूपी में लू का टॉर्चर, बिहार में वज्रपात का अलर्ट, जानें अपने इलाके का हाल

Aaj Ka Mausam: देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में सूरज के कड़े तेवरों के कारण भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का प्रकोप शुरू हो चुका है. वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून की गतिविधियों और पश्चिमी विक्षोभ के चलते झमाझम बारिश हो रही है. देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश तो कई क्षेत्रों में भीषण लू की चेतावनी जारी की है.

दिल्ली में आज होगी बारिश, फिर 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा… यूपी में लू का टॉर्चर, बिहार में वज्रपात का अलर्ट, जानें अपने इलाके का हाल
दिल्ली में आज होगी बारिश, फिर 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा… यूपी में लू का टॉर्चर, बिहार में वज्रपात का अलर्ट, जानें अपने इलाके का हाल

देश की राजधानी दिल्ली के लोगों को पिछले कई दिनों से गर्मी का जबरदस्त टॉर्चर झेलना पड़ रहा है. मौसम शुष्क बने रहने के चलते लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. शनिवार को भी दिल्ली में दिनभर तेज धूप खिली रही, जिसके कारण अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा में नमी की बात करें तो अधिकतम आर्द्रता 73 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 28 प्रतिशत दर्ज की गई.

मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 22 मई के बीच दिल्ली के मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. रविवार (17 मई) को दिल्लीवासियों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है. आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

सप्ताह की शुरुआत से छूटेगे पसीने

हालांकि, रविवार की राहत के बाद दिल्ली में गर्मी और अधिक विकराल रूप धारण करने वाली है. मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 18 से 22 मई तक आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा. आसमान साफ होने और सीधी धूप पड़ने के कारण सप्ताह की शुरुआत में ही पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस अवधि के दौरान भी 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगातार तेज हवाएं चलती रहेंगी, जो कभी-कभी 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती हैं. आने वाले दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से करवट ले रहा है. भले ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अंडमान-निकोबार में दस्तक देकर आगे बढ़ना शुरू कर दिया हो, लेकिन यूपी के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा. राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा और गाजियाबाद तक तेज धूप, गर्म पछुआ हवाओं और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से वातावरण के निचले हिस्से में चल रही नम पुरवा हवाओं का असर अब समाप्त हो गया है. इसकी जगह अब दक्षिणी हिस्सों से आने वाली बेहद गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है.

मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी दी है. खासकर 19 मई से 22 मई के बीच प्रदेश में लू चलने की प्रबल संभावना है. दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भीषण लू (Severe Heatwave) जैसे हालात बन सकते हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

हिमाचल प्रदेश में आज से बढ़ेगा पारा, 22 मई से फिर राहत

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी अब गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 21 मई तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस का बड़ा उछाल आ सकता है. हालांकि, मई महीने में अब तक सामान्य से 8 फीसदी अधिक बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिकांश शहरों का पारा सामान्य से नीचे चल रहा था.

बीते 24 घंटे में चंबा का तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री गिरकर 31.4 डिग्री, ऊना का 35.4 डिग्री, धर्मशाला का 30.0 डिग्री, नाहन का 32.4 डिग्री और केलांग का तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लेकिन आज यानी रविवार से मैदानी इलाकों जैसे ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन के निचले इलाकों में दिन के वक्त तेज गर्मी पड़ेगी और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी. राहत की बात यह है कि यह गर्मी ज्यादा दिन नहीं टिकेगी; 22 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने से मध्यम और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से बूंदाबांदी के आसार हैं.

Khabar Monkey

उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, आज रविवार को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को गर्मी से राहत मिल सकती है. विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित कुल 7 जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी उम्मीद है. पिछले 24 घंटों में धनोल्टी में सबसे ज्यादा 38.0 मिमी और रानीचौरी में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ों में ठंडी हवाएं चल रही हैं.

बिहार में प्री-मानसून का धमाल

बिहार में इस बार प्री-मानसून ने समय से पहले ही अपना प्रचंड रूप दिखा दिया है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के आंकड़ों के अनुसार, 1 मार्च से 7 मई तक बिहार में सामान्य (33.8 मिमी) से 206 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है.

पूर्णिया में सबसे ज्यादा बारिश

पूर्णिया में प्री-मानसून सीजन में यहां सबसे अधिक 234 मिमी बारिश दर्ज की गई. अररिया में 229.5 मिमी, कटिहार में 201.4 मिमी, किशनगंज में 194.2 मिमी, मधेपुरा में 158.8 मिमी और मधुबनी में 156.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. पटना में 63.7 मिमी, बक्सर में 68.6 मिमी, वैशाली में 72.7 मिमी और मुजफ्फरपुर में 109.3 मिमी बारिश हुई. वहीं सबसे कम बारिश अरवल में केवल 13.7 मिमी रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने बिहार में 21 मई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. विशेष रूप से उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में आंधी, तेज बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

दक्षिण, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम का हाल

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में रविवार को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश होगी. अरुणाचल, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है. सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश के आसार हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. इन राज्यों में भी गरज-चमक और तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.

छत्तीसगढ़ में भी बादल छाए रहेंगे. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि लक्षद्वीप में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, विदर्भ (महाराष्ट्र) और पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और गर्म रहेगा, जहां मौसम विभाग ने लू (Heatwave) चलने की चेतावनी जारी की है. उत्तर और मध्य भारत के जिन इलाकों में लू का प्रकोप बढ़ रहा है, वहां लोग दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें और गर्मी से बचाव के सभी उपाय अपनाएं.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply