पिछला हफ्ता शेयर बाजार के लिहाज से निवेशकों के साथ देश की टॉप कंपनियों के लिए काफी फीका रहा. देश की टॉप 10 में से 7 कंपनियों के मार्केट कैप को बड़ा नुकसान हुआ. रिपोर्ट के अनुसार इन 7 दिग्गज कंपनियों के 1.54 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप से कंबाइंडली डूब गए. खास बात तो ये है कि सबसे ज्यादा नुकसान देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ. इसके अलावा इसव लिस्ट में एचडीएफसी बैंक और टीसीएस का नाम भी शामिल रहा.

जानकारों की मानें तो कच्चे तेल की कीमतों में पिछले हफ्ते 11 फीसदी की कमी आने के बाद भी शेयर बाजार निवेशकों में वो विश्वास नहीं जगा जो होना चाहिए था. वहीं दूसरी ओर विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार बिकवाली भी जारी रही. जिसका असर शेयर बाजार पर काफी नेगेटिव भी देखने को मिला. वहीं दूसरी ओर तीन कंपनियों एलएंडटी, एलआईसी और एसबीआई के मार्केट कैप में 40,402.42 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की टॉप 10 कंपनियों के मार्केट कैप में कितना फर्क देखने को मिला है.
Khabar Monkey
देश की टॉप कंपनियों के मार्केट कैप का हाल
- देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यू 46,078.3 करोड़ रुपए घटकर 17,87,039.40 करोड़ रुपए रह गई.
- देश के सबसे बड़े प्राइवेट लेंडर एचडीएफसी बैंक की वैल्यू 33,333.06 करोड़ रुपए घटकर 11,46,641.84 करोड़ रुपए रह गई.
- देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल की वैल्यू 25,408.96 करोड़ रुपए गिरकर 11,14,886.53 करोड़ रुपए रह गई.
- देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस की वैल्यू 22,920.58 करोड़ रुपए गिरकर 8,15,480.75 करोड़ रुपए रह गई.
- देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनीलीवर का मार्केट कैपिटलाइजेशन 13,169.46 करोड़ रुपए घटकर 5,04,210.54 करोड़ रुपए रह गया.
- देश की सबसे बड़ी एनबीएफसी बजाज फाइनेंस की वैल्यू 7,253.24 करोड़ रुपए घटकर 5,63,262.33 करोड़ रुपए रह गई.
- देश का दूसरा सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यू 6,311.41 करोड़ रुपए घटकर 9,00,589.91 करोड़ रुपए रह गई.
- वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी इंफ्रा कंपनी लार्सन एंड टुब्रो का का मार्केट कैप 20,608.43 करोड़ रुपए बढ़कर 5,60,836.64 करोड़ रुपए हो गया.
- देश का सबसे बड़ी सरकारी लेंडर भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 13,753.62 करोड़ रुपए बढ़कर 8,89,831.54 करोड़ रुपए हो गया.
- वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी का मार्केट कैप 6,040.37 करोड़ रुपए बढ़कर 5,20,484.06 करोड़ रुपए हो गया.
पिछले हफ्ते कितना गिरा शेयर बाजार?
पिछले हफ़्ते, जो छुट्टियों की वजह से छोटा था, BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 639.61 प्वाइंट, यानी 0.84 परसेंट गिरा, और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 171.55 प्वाइंट, यानी 0.72 परसेंट नीचे आया. रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा वैल्यू वाली घरेलू कंपनी बनी रही, जिसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा.





