Sultanpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डाडिया गांव में बीती रात प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक और उनकी पत्नी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से काटकर निर्मम हत्या कर दी. मृतक मुकेश सिंह मोतिगरपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे और अपनी पत्नी विनीता के साथ गांव में ही स्थित अपने निजी स्कूल परिसर में सो रहे थे. उनकी पत्नी विनीता उस निजी स्कूल का कार्यभार संभालती थीं.

सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना की भनक लगी, तो स्कूल परिसर में दोनों के खून से लथपथ शव पड़े मिले. यह खौफनाक दृश्य देखते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया.
घटना के वक्त मुकेश सिंह का इकलौता बेटा दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा था, जबकि उनकी वृद्ध मां अपने छोटे बेटे के साथ सुल्तानपुर से बाहर गई हुई थीं. घर में दंपत्ति के अकेले होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया.
SP के नेतृत्व में जांच में जुटी पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. हत्या की वजहों का पता लगाने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस रंजिश समेत अन्य सभी संभावित कोणों से मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.