
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और फिल्मी अंदाज का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही प्रेमी को दुष्कर्म के आरोप में जेल भिजवाया, लेकिन बाद में उसी प्रेमी को रिहा कराने की जिद पर अड़कर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बुधवार सुबह हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान करीब 3 घंटे तक पुलिस और प्रशासन के हाथ-पांव फूले रहे।
मासूम बच्चे को नीचे रोता छोड़, 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी महिला
यह पूरा मामला प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के भंगवा चुंगी कचहरी रोड स्थित बलीपुर का है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला अपने 4 साल के मासूम बच्चे के साथ मोबाइल टावर के पास पहुंची। वह बच्चे को नीचे ही अकेला छोड़कर धीरे-धीरे टावर पर चढ़ने लगी। जब नीचे मौजूद लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और उससे पूछताछ की, तो बच्चे ने ऊपर टावर की तरफ इशारा किया। महिला को लगभग 60 फीट की ऊंचाई पर देख मौके पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रेमी को जेल से छुड़ाने की जिद, 3 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल सुभाष यादव और भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल और दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला को समझाने और नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। महिला का कहना था कि जब तक उसके प्रेमी को जेल से रिहा नहीं किया जाता, वह नीचे नहीं उतरेगी। गनीमत यह रही कि महिला अपने बच्चे को साथ लेकर ऊपर नहीं चढ़ी थी, वरना बच्चे की जान पर भी संकट आ सकता था। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
महिला ने ही दर्ज कराया था केस, 24 अप्रैल को जेल गया था प्रेमी
सीओ सिटी प्रशांत राज ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि टावर पर चढ़ी महिला ने ही कुछ समय पहले अपने प्रेमी अंकित गौतम (निवासी भैसाना, महेशगंज) के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए कुंडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित को 24 अप्रैल को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया था। लेकिन अब महिला का दिल बदल गया और वह अपने उसी प्रेमी को छुड़वाने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गई थी।
प्रतापगढ़ में पहले भी आ चुके हैं टावर और टैंक पर चढ़ने के मामले
अपनी मांगें मनवाने के लिए इस तरह का जानलेवा और हाई वोल्टेज ड्रामा करने का प्रतापगढ़ में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं…
9 मई की घटना: हाल ही में 9 मई को एक युवती जमीन के विवाद में न्याय की गुहार लगाते हुए कचहरी परिसर में बने ओवरहेड वॉटर टैंक पर चढ़ गई थी।
लीलापुर और कुंडा के मामले: लीलापुर क्षेत्र में भी इसी तरह का एक वाकया सामने आया था। वहीं कुंडा इलाके में भी एक किशोरी ने अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर ऐसा ही खतरनाक हंगामा खड़ा कर दिया था।
फिलहाल, पुलिस ने महिला को सुरक्षित उतारकर राहत की सांस ली है और मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





