ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा में रहने वालीं दीपिका नागर की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट में उनके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। दीपिका के शरीर पर सबसे गंभीर चोट उनकी दाहिनी जांघ में पाई गई है। यहां करीब 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा चोट का नीला निशान मिला है। इसके अलावा भी उनके शरीर पर कुछ चोटों के निशान ऐसे हैं, जो दीपिका नागर की मौत पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
Khabar Monkey

दीपिका नागर ग्रेटर नोएडा में इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव की रहने वाली थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटें पाई गई हैं, जो किसी गंभीर हिंसक घटना की ओर इशारा करती हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि दीपिका के दाहिने चेहरे पर लगभग 12 सेंटीमीटर लंबी और 9 सेंटीमीटर चौड़ी गहरी चोट मिली है।
इसके अलावा उनके बाएं हाथ की कोहनी और कलाई पर भी चोटों के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि दीपिका के बाएं कान से खून निकला था। दीपिका के शरीर पर सबसे गंभीर चोट का निशान उनकी दाहिनी जांघ पर मिला है। यहां तकरीबन 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा चोट का नीला निशान पाया गया है। साथ ही बाएं घुटने पर हड्डी तक पहुंचा गंभीर घाव मिला है।
दीपिका की कमर और पेट के निचले हिस्से में घाव
दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी कमर और पेट के निचले हिस्से में घाव मिले हैं। इसके अलावा दाहिने कूल्हे की हड्डी के ऊपर बड़े आकार की गोलाकार खरोंच रिपोर्ट में दिखी है। उनके दोनों बाजुओं और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट और दबाव के निशान मिले हैं। दीपिका के शव की आंतरिक जांच में डॉक्टरों को सिर के बीच और बाईं तरफ खून का थक्का मिला है।
दीपिका के कई हिस्सों में अंदरूनी खून रिसाव
इसके अलावा उनकी तिल्ली पूरी तरह फटी हुई मिली है। शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी खून रिसने की पुष्टि की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि उनका बायां गुर्दे पीला पड़ चुका था। दीपिका का विसरा सुरक्षित कर लैब के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। परिजन आरोप लगा रहे हैं कि दीपिका को पहले मारा गया और इसके बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया। परिवार का कहना है कि दीपिका की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी।





