देहरादूनः उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है. भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट के चलते यह फैसला लिया गया है. मौसम सामान्य होने पर यात्रा फिर से शुरू होगी. गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बयान जारी करते हुए कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी तौर पर यात्री रोके गए हैं. श्रीनगर, ऋषिकेश में भी यात्रियों को हाल्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं. बता दें कि चारों धाम पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है. चमोली जिले में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है. इसके अलावा सिखों के प्रसिद्ध धाम हेमकुंड साहिब में बर्फबारी जारी है. बद्रीनाथ धाम में नर नारायण और नीलकंठ पर्वत पर बर्फबारी हो रही है.

इन इलाकों से नीचे उतारे जा रहे लोग
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ धाम और पूरी केदारघाटी सहित रुद्रप्रयाग जिले अधिकांश क्षेत्रों में गत शनिवार से लगातार बारिश हो रही है. जिसके कारण प्रशासन ने फिलहाल केदारनाथ यात्रा पर अस्थाई रोक लगा दी है. प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हजारों श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी, फाटा, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे सुरक्षित होल्डिंग इलाकों में रोक दिया है. वहीं दूसरी ओर, केदारनाथ धाम से लौट रहे यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित नीचे लाया जा रहा है. जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन और अन्य विभागों की टीमें अलर्ट मोड में हैं. यात्रा मार्ग और पड़ाव स्थलों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन ने साफ किया है कि मौसम सुधरने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.
Khabar Monkey
4 महीने में रिकॉर्डतोड़ बारिश
बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में पिछले 4 महीने में सामान्य से 45 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड में रही है. वहीं पिछले दिनों देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, काशीपुर समेत कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा. लेकिन पिछले 48 घंटे में मौसम का मिजाज बदला और कई इलाकों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड हुई है.
39 दिन में 10 लाख लोग पहुंचे केदारनाथ धाम
केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रही है. बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है कि यात्रा ने महज 39 दिनों में 10 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के इतिहास में यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. इससे पहले कभी भी इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम नहीं पहुंचे थे. खास बात यह है की मौसम की अड़चन के बावजूद भी बाबा केदार के भक्तों का उत्साह देखने लायक है और हर दिन भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ रहा है, जिसकी वजह से महज 39 दिनों में 10 लाख बाबा केदार के दर्शन कर चुके है.










