रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी जल्द Jio के बहुप्रतीक्षित IPO को लेकर बड़ा अपडेट दे सकते हैं. 19 जून को होने वाली कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) में जियो के IPO पर अहम जानकारी साझा की जा सकती है. कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि AGM 19 जून को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यमों से आयोजित होगी. AGM में वोटिंग के लिए पात्र शेयरधारकों की कट-ऑफ डेट 12 जून तय की गई है.

अब तक जियो IPO को लेकर जानकारी
भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Jio Platforms लंबे समय से बड़े IPO की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह IPO करीब 4 अरब डॉलर यानी लगभग 33 हजार करोड़ रुपये जुटा सकता है. मई में आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि Reliance Industries जियो की लिस्टिंग स्ट्रक्चर में बदलाव कर रही है. पहले कंपनी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए IPO लाने की तैयारी में थी, लेकिन अब इसे पूरी तरह फ्रेश इश्यू बनाया जा सकता है.
बताया जा रहा है कि मौजूदा निवेशक IPO का प्राइस ज्यादा रखना चाहते हैं, जबकि कंपनी का मानना है कि बहुत ऊंची कीमत रखने से लिस्टिंग के दिन रिटेल निवेशकों को नुकसान हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, Mukesh Ambani की प्राथमिकता शुरुआत से ही छोटे निवेशकों के हितों की सुरक्षा रही है. अगर IPO फ्रेश इश्यू के रूप में आता है, तो उससे मिलने वाली रकम सीधे कंपनी के पास जाएगी. रिपोर्ट के अनुसार, करीब 25 हजार करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जबकि बाकी रकम कंपनी की अन्य जरूरतों में लगाई जाएगी.
जियो का कारोबार लगातार मजबूत
Reliance Industries की FY26 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, Jio Platforms ने भारत के डिजिटल इकोसिस्टम में अपनी मजबूत पकड़ और बढ़ाई है. कंपनी ने कहा कि 5G अपनाने, ARPU बढ़ने और ब्रॉडबैंड सेवाओं की मांग बढ़ने से कारोबार में मजबूती आई है.
Khabar Monkey
कंपनी के अनुसार, जियो अब सिर्फ टेलीकॉम कंपनी नहीं बल्कि ग्लोबल टेक्नोलॉजी लीडर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. कंपनी कनेक्टिविटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड और डिजिटल सेवाओं में विस्तार पर फोकस कर रही है.
मार्च तिमाही में शानदार प्रदर्शन
FY26 की चौथी तिमाही में Jio Platforms की ऑपरेटिंग आय 13% बढ़कर 44,928 करोड़ रुपये पहुंच गई. वहीं कंपनी का मुनाफा भी 13% बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये हो गया. जियो का ARPU यानी प्रति ग्राहक औसत कमाई बढ़कर 214 रुपये पहुंच गई. वहीं प्रति व्यक्ति डेटा इस्तेमाल 42.3 GB प्रति माह रहा और कुल डेटा ट्रैफिक में सालाना आधार पर करीब 35% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.





