उत्तर प्रदेश में बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थिति में सुसाइड कर ली है. युवक की पहचान खलीलपुर रोड स्थित गली नंबर दो में रहने वाले 42 वर्षीय ललित कुमार पाल के रूप में हुई है. वह सहारनपुर में एक पैथालॉजी डॉक्टर के पास अल्ट्रासाउंड सेंटर की देखरेख का काम करते थे. परिजनों ने घटना के संबंध में उनकी पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है.

बताया कि ललित ने पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद इतना बड़ा कदम उठाया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ललित खुद सहारनपुर रहते थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ जयपुर रहती है और वहीं पर ब्यूटी पार्लर का काम करती है.
फोन पर हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की रात ललित की पत्नी से फोन पर बात हो रही थी. इस दौरान दोनों में कहासुनी हुई. इसके बाद ललित ने कमरे में जाकर सुसाइड किया है. ललित के भाई मोहन कुमार उर्फ अन्नू के मुताबिक उनके भाई की शादी छह साल पहले कीर्ति से हुई थी. उन्हें एक पांच साल का बेटा है. बाद में कीर्ति बेटे के साथ जयपुर में रहने लगी. वहीं, ललित अपने काम के सिलसिले में सहारनपुर में रहते थे.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक परिजनों के बयान और तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है. पुलिस की जांच में पता चला कि ललित पिछले हफ्ते ही सहारनपुर से अपने घर आए थे. फिलहाल पुलिस ने अपने स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है.सीओ द्वितीय नितिन कुमार और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया है.