Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बरईपुर क्षेत्र से एक बेहद ही चौंकाने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहा पुलिस ने एक मकान के अंदर जमीन की खोदाई कराकर ड्रमों में छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपये के नोटों का जखीरा बरामद किया है. आरोपी ने मकान के फर्श के नीचे बड़ेबड़े ड्रमों में नोटों की गड्डियां भरकर दबा रखी थीं. सूचना मिलने के बाद बुधवार देर रात तक बैंक और संबंधित विभागों की मशीनों के जरिए करीब 4 करोड़ रुपये की गिनती पूरी हो चुकी थी, जबकि सूत्रों का दावा है कि यह पूरी रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है. पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं.

सूत्रों के अनुसार, बरईपुर रामनगर निवासी आरोपी व्यक्ति कुछ साल पहले महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक फर्म में काम करता था. आरोप है कि वह नोटबंदी के दौरान वहां से बोरियों में भरे करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया था. गांव वापस लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और बाकी बची रकम को नीले/प्लास्टिक के बड़े ड्रमों में भरकर अपने मकान के अंदर ही जमीन में गड्ढा खोदकर दबा दिया.
हाल ही में आरोपी का अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बहस के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए नोटों की बात पुलिस तक पहुंच गई, जिसके बाद आलाधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया.
पुलिस ने मकान घेरा, खोदाई में ड्रम से निकलने लगे नोट
सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की. बुधवार रात पुलिस बल ने आरोपी के मकान को चारों तरफ से घेर लिया और उसे हिरासत में ले लिया. आरोपी की कड़ाई से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर जब मकान के भीतर जमीन की खोदाई शुरू कराई गई, तो एक के बाद एक कई ड्रम निकले. ड्रम खोलते ही नोटों की गड्डियां देखकर पुलिस कर्मियों के होश उड़ गए.
नोटों का अंबार देखकर पुलिस ने तुरंत संबंधित विभाग और बैंक की टीमों को नोट गिनने वाली मशीनों के साथ मौके पर बुलाया. देर रात तक 4 करोड़ रुपये की गिनती हो चुकी थी और बाकी रकम की गिनती जारी थी.
डीसीपी का बयान: गिनती पूरी होने के बाद साफ होगी सही रकम
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और कौतूहल का माहौल है. डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि बरईपुर रामनगर स्थित मकान से करोड़ों रुपये नकद बरामद हुए हैं. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. नोटों की पूरी गिनती समाप्त होने के बाद ही आधिकारिक तौर पर कुल रकम की पुष्टि हो सकेगी. जैसे ही गांव वालों को पता चला कि मकान के फर्श के नीचे नोटों का जखीरा दबा था, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस की गहन छानबीन जारी है.