Wednesday, April 22, 2026
Viral

जनगणना के लिए गई टीम पर हुआ भीषण हमला, गाड़ी को भी पहुंचाया नुकसान

ओडिशा के ढेंकानाल जिले के कामाख्यानगर एनएसी के वार्ड नंबर 3 में बुधवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब जनगणना का काम करने पहुंचे चार कर्मचारियों पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। यह घटना महिमानगर इलाके की बताई जा रही है, जहां सरकारी टीम अपने नियमित सर्वे कार्य के लिए पहुंची थी।

जनगणना के लिए गई टीम पर हुआ भीषण हमला, गाड़ी को भी पहुंचाया नुकसान
जनगणना के लिए गई टीम पर हुआ भीषण हमला, गाड़ी को भी पहुंचाया नुकसान

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जनगणना कर्मचारी एक घर में जानकारी इकट्ठा करने के लिए गए थे। लेकिन घर के लोगों ने कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि स्थिति उस समय बिगड़ गई जब घर के मालिक और उसके दो बेटों ने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को गाली दी और उनके साथ मारपीट भी की।

घटना में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जनगणना टीम के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया और कर्मचारियों को उनका काम करने से रोकने की कोशिश की। इस मामले में आरोपी की पहचान निकुंज रमण सतपथी के रूप में हुई है। इस घटना में उसके दो बेटों का नाम भी शामिल है।

घटना में घायल हुई जनगणना कर्मचारी मधुस्मिता बेहरा ने पूरी घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि टीम की एक सदस्य पहले उस घर पर गई थी, लेकिन उसे अंदर जाकर काम करने नहीं दिया गया। डर के कारण उसने घर पर चॉक से निशान लगाया और वहां से लौट आई। सदस्य ने बाकी टीम को बताया कि वहां काम पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और चार लोगों की टीम दोबारा वहां पहुंची। लेकिन जैसे ही टीम वहां पहुंची, उनके साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट की गई और उनके वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सब-कलेक्टर और स्थानीय तहसीलदार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 3 लोगों को हिरासत में ले लिया।

घटना की पुष्टि करते हुए ढेंकानाल के एसपी अभिनव सोनकर ने कहा,”आज सुबह हमें जानकारी मिली थी कि सेंसस के 4 अधिकारियों पर एक परिवार के 3 लोगों ने हमला कर दिया। घटना में आरोपी और उनके 2 बेटे शामिल हैं। घटना में 2 लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही कामाख्यनगर पुलिस मौके पर पहुंची और 3 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।”

Leave a Reply