De-Tan Face Pack for Summer: गर्मियों के समय चिलचिलाती धूप और बढ़ता तापमान सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं बल्कि स्किन के लिए भी समस्या बन जाती है। अक्सर तेज धूप के संपर्क में आने से चेहरे का प्राकृतिक निखार कम होने लगता है और स्किन टैन हो जाती है। कई बार टैनिंग इतनी गहरी होती है कि चेहरे पर पैच नजर आने लगते हैं। इस समस्या को कम करने के लिए एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा ने एक तरीका साझा किया है।

डॉ. मधु चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने चेहरे की टैनिंग को दूर करने के लिए फेस पैक बनाने का तरीका बताया है। इस पैक को लगाने से चेहरे पर काफी फर्क दिख सकता है। हालांकि इसे लगाते समय कुछ सावधानी बरतना जरूरी है।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
इस फेस पैक को बनाने के लिए बाजार के महंगे प्रोडक्ट्स की नहीं बल्कि किचन में रखे कुछ सामान की जरूरत होती है।
चावल का आटा
ठंडा दूध
नींबू का रस/ दही
कॉफी पाउडर
फेस पैक बनाने का तरीका
इस फेस पैक को बनाने के लिए आपको एक बाउल लेना है जिसमें चावल का आटा, थोड़ा सा ठंडा दूध, एक चम्मच कॉफी पाउडर और आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। अगर आपकी स्किन ड्राई है तो नींबू की जगह दही का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इन सभी चीजों को मिलाकर एक स्मूथ मिश्रण तैयार करके पेस्ट बनाएं।
इसे लगाने से पहले अच्छी तरह चेहरे को साफ कर लें। अब इस पेस्ट को चेहरे पर समान रूप से लगाएं और करीब 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें। अगर इस पैक का रोजाना इस्तेमाल करती हैं तो कुछ दिनों में टैनिंग कम हो जाएगी और चेहरे पर निखार आ सकता है।
Khabar Monkey
अगल-अलग स्किन टाइप के लिए मधु चोपड़ा ने सुझाव भी दिया है। अगर आपकी ऑयली स्किन है तो नींबू का रस मिलाकर फेस पैक लगाएं वहीं ड्राई स्किन के लिए दही का इस्तेमाल करना बेहतर हो सकता है।
अगर आपको स्किन से जुड़ी कोई समस्या या एलर्जी है तो इसे लगाने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर लें। इसके अलावा चेहरे पर कुछ भी चीज इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।





