CrimeViral

ग्रेटर नोएडा दहेज हत्याकांड: 14 महीनों में क्या हुआ ऐसा कि दीपिका को जिंदगी से भली लगी मौत, परिजनों ने सुनाई पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न से तंग आकर 24 वर्षीय दीपिका नागर ने अपने ससुराल की छत से कूदकर जान दे दी। दीपिका के पिता संजय नागर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा दहेज हत्याकांड: 14 महीनों में क्या हुआ ऐसा कि दीपिका को जिंदगी से भली लगी मौत, परिजनों ने सुनाई पूरी कहानी
ग्रेटर नोएडा दहेज हत्याकांड: 14 महीनों में क्या हुआ ऐसा कि दीपिका को जिंदगी से भली लगी मौत, परिजनों ने सुनाई पूरी कहानी

थाना बादलपुर थाना क्षेत्र के कुड़ीखेड़ा गांव निवासी दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी ऋतिक के साथ हुई थी। परिजनों का दावा है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे, जिसमें लाखों के जेवरात, घरेलू सामान और अन्य उपहार दिए गए थे। साथ ही एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष शादी से खुश नहीं था।

मृतका के पिता के अनुसार वह लगातार फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपए की मांग कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को प्रताड़ित किया जाने लगा। दीपिका ने रविवार दोपहर पिता संजय नागर को फोन कर बताया था कि उसका पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी समेत परिवार के अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

बेटी की बात सुनकर संजय अपने साले बाबू प्रधान के साथ जलपुरा पहुंचे। उन्होंने बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों को समझाया और वापस अपने घर चले गए, कुछ ही घंटों बाद रात करीब साढ़े बारह बजे दीपिका के पिता के पास फोन आया कि उनकी बेटी छत से गिर गई है। जब दीपिका का परिवार अस्पताल पहुंचा, तो वह मृत अवस्था में मिली।

परिजनों का आरोप है कि उसके शरीर पर गंभीर चोटों और मारपीट के निशान थे। परिजनों को शक है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर दीपिका की हत्या कर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया। वहीं, पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना अगस्त 2025 में ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के एक अन्य मामले के कुछ महीनों बाद सामने आई है।

Khabar Monkey

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना प्रतिक्रिया देते हुए एक परिजन ने कहा, “उन्हें कोई दिक्कत थी तो उसे हमारे घर छोड़ देते। हमारी बच्ची को मारते नहीं। हमारी बेटी सुंदर-सुशील और पढ़ी-लिखी थी।” वहीं, एक अन्य परिजन ने कहा, “हमें उसने प्रताड़ना के बारे में बताया था। लेकिन हमने सोचा कि चीजें ठीक हो जाएंगी। उसका घर बस जाए। हमें यह नहीं पता था कि वो उसे मार डालेंगे।”

उन्होंने कहा, “उसके पिता गए थे उनसे मिलने, उन्हें समझाया भी था। लेकिन हमें यह नहीं पता था कि वो उसकी हत्या करके रात के एक बजे हमें फोन करेंगे। उनकी 50 लाख और फॉर्चूनर की मांग थी। इसी बात को लेकर वो उसे प्रताड़ित करते थे। लड़की ने बार-बार कहा कि मेरे पिता के पास पैसे नहीं हैं। वो कहां से अपनी मांगें पूरी करेंगे। लेकिन वो नहीं माने। हम चाहते हैं कि हमारी बेटी को न्याय मिले। आरोपियों के घर पर बुलडोजर चले। उनका एनकाउंटर होना चाहिए। हमारी यह गुहार पीएम मोदी तक पहुंचे। हमने एक और बेटी की शादी की है, उन्होंने तो कभी ऐसी कोई मांग नहीं रखी।”

वहीं, दीपिका के पिता संजय नागर ने कहा, “मैंने अपनी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2014 को जलपुरा गांव में की थी। शादी के सिर्फ चार महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने मांगें शुरू कर दी थीं। हमने अपनी बेटी को भी समझाने की कोशिश की, लेकिन वे लगातार उसे प्रताड़ित करते रहे। कल (रविवार) भी मैं वहां गया था। वापस आने के बाद करीब 12 बजे मुझे फोन आया कि दीपु गिर गई है। मैंने पूछा कि कहां से गिरी, तो उन्होंने बताया कि वह छत से गिर गई है। इसके बाद उन्होंने कहा कि उसे शारदा अस्पताल ले जाया जा रहा है।”

पिता ने कहा कि वहां हमने देखा कि हमारी बच्ची मृत अवस्था में पड़ी है। उसके शरीर पर चोट के निशान है। सभवतः उन्होंने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और शव को छत से नीचे फेंक दिया। हमें अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहिए। ऐसे लोगों को समाज से बाहर निकालना चाहिए। ताकि किसी और की बेटी के साथ ऐसा ना हो।

इधर, पूरे मामले में नोएडा सेंट्रल डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के छत से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति और ससुर को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस सबूत इकट्ठा कर मामले की जांच नें जुट गई है।

Leave a Reply