Viral

गुरुग्राम तक गर्मी का कहर, दुनिया के 100 सबसे गर्म देश में भारत का दबदबा

IMD Heatwave Update: देशभर में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. मंगलवार को भारत दुनिया के सबसे गर्म इलाकों में शामिल नजर आया. दोपहर के समय जारी लाइव तापमान रैंकिंग में दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में भारत के शहरों का दबदबा देखने को मिला. उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तेज लू और झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

Khabar Monkey

गुरुग्राम तक गर्मी का कहर, दुनिया के 100 सबसे गर्म देश में भारत का दबदबा
गुरुग्राम तक गर्मी का कहर, दुनिया के 100 सबसे गर्म देश में भारत का दबदबा

दिल्ली-गुरुग्राम समेत बड़े शहरों में भीषण गर्मी
इस लिस्ट में सिर्फ छोटे शहर ही नहीं बल्कि देश के बड़े शहर भी शामिल रहे. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़, आगरा, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में भी तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया. दोपहर के समय दिल्ली, गुरुग्राम और रोहतक में तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं आगरा, ग्वालियर, जम्मू और चंडीगढ़ जैसे शहरों में तापमान 43 डिग्री के आसपास पहुंच गया.

यूपी के कई शहर बने सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए. औरैया, बांदा और इटावा दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे. यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा अलीगढ़ और मैनपुरी में भी तापमान 45 डिग्री के करीब दर्ज किया गया. प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में भी गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई दिया. दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए.

हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी लू का असर
हरियाणा के कुरुक्षेत्र, पानीपत और करनाल में भी तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया. पंजाब के जालंधर और बठिंडा में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिला. राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं. सतना और हिसार जैसे शहरों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया.

क्यों बढ़ रही है गर्मी?
IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में शुष्क हवाओं का असर बढ़ने से तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है. कई इलाकों में बारिश की संभावना फिलहाल बहुत कम है. यही वजह है कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं हो रही हैं. डॉक्टरों ने दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 मई से 24 मई तक गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है.

गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
IMD ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इस मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए. धूप में निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें. हल्के और सूती कपड़े पहनें. दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर जाने से बचना चाहिए. गर्मी का यह दौर फिलहाल जल्दी राहत देने वाला नहीं दिख रहा. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

Leave a Reply