Curry Leaves Gardening Tips: करी पत्ता एक ऐसा पौधा है जो दाल से लेकर पोहे तक हर डिश का जायका बढ़ा देता है। अक्सर लोग इसे बाजार से खरीदकर लाते हैं जो कुछ दिनों में सूख जाता है। ऐसे में आप अपने किचन गार्डन या बालकनी में करी पत्ता लगा सकते हैं।

गमले में करी पत्ता लगाना एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है जो आपको सालभर ताजी करी पत्तियां देगा। हालांकि गर्मियों में इसकी देखभाल करना और लगाना थोड़ा अलग होता है। लेकिन आप कुछ टिप्स की मदद से गर्मी में भी हरा-भरा करी पत्ते का पौधा तैयार कर सकते हैं।
गमले का सही चुनाव
करी पत्ता लगाने से पहले सही गमले का चुनाव करना जरूरी है। इसके लिए आप मध्यम आकार का गमला चुन सकते हैं। गमले की तली में दो या तीन छोटे छेद होने चाहिए जिससे अतिरिक्त पानी गमले से बाहर आ जाए। पौधे के लिए मिट्टी तैयार करते समय उसकी गुणवत्ता चेक करें। इसमें आप गोबर का खाद और थोड़ी बारीक रेत मिला सकते हैं। ये पौधे को बढ़ने के लिए पोषण और हवा देने में मदद करता है।
Khabar Monkey
लगाने का तरीका
करी पत्ते को आप दो तरीकों से लगा सकते हैं। पहला तरीका कटिंग है जो काफी आसान माना जाता है। इसके लिए आपको पेड़ की एक ताजी हरी टहनी लें और उसे चाकू से तिरछा काट लें। वहीं दूसरा तरीका बीजों का है। अगर आप बीज से करी पत्ता लगा रहे हैं तो बोने से करीब 5 से 6 घंटे तक एक गिलास में इन्हें भिगोकर रखें। इसके बाद बीजों को गमले में डालकर हल्की मिट्टी से ढक दें।
पौधे के लिए धूप
गर्मियों में पौधा लगाना थोड़ा मुश्किल जरूर होता है लेकिन सही देखभाल की मदद से आप इस काम को आसान बना सकते हैं। पौधे को ऐसी जगह पर रखें जहां पर हल्की धूप आती हो। गर्मियों में नमी बनाए रखने के लिए मिट्टी गीली होने तक पानी दें। अगर गमले में ज्यादा पानी डालेंगे तो जड़ें सड़ सकती हैं।
जैविक खाद और गुड़ाई
पौधे को हरा-भरा बनाए रखने के लिए उसमें समय-समय पर खाद डाल सकते हैं। इसके अलावा गमले की मिट्टी की गुड़ाई करें जिससे जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंच सके। इन छोटे-छोटे प्रयासों की मदद से करी पत्ते का पौधा गर्मियों में पूरी तरह हरा-भरा बना रह सकता है।
करी पत्ते को किसी भी मौसम में लगाया जा सकता है। लेकिन गर्मियों के दिनों में इसकी ग्रोथ काफी तेजी से होती है। हालांकि अगर बहुत ज्यादा गर्मी है तो नए करी पत्ते का पौधा लगाने से बचना चाहिए।
Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”





