इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनकी काउंटी टीम लंकाशायर ने अगले सीजन के लिए नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं देने का फैसला किया है। ऐसे में 704 टेस्ट विकेट लेने वाले एंडरसन के संन्यास को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

James Anderson to retire from FC cricket? इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के पेशेवर क्रिकेट करियर पर अब सवाल उठने लगे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई लेने के करीब दो साल बाद 44 साल के एंडरसन के सामने अब घरेलू क्रिकेट से भी दूर होने की स्थिति बन सकती है। उनकी काउंटी टीम लंकाशायर ने अगले सीजन के लिए उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं देने का फैसला किया है। ऐसे में चर्चा तेज हो गई है कि क्या एंडरसन अब क्रिकेट को अलविदा कह देंगे या किसी दूसरी काउंटी टीम के साथ अपना सफर जारी रखेंगे।
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, लंकाशायर के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसी सप्ताह एंडरसन को बता दिया कि उन्हें अगले सीजन के लिए नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा। इससे पहले 21 अक्टूबर को द टाइम्स ने भी इस बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की थी। हालांकि, क्लब ने इस मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। एंडरसन की योजना 2027 तक लंकाशायर के लिए खेलना जारी रखने की थी। वह बचपन से ही इस क्लब से जुड़े रहे हैं और 2026 सीजन में टीम की कप्तानी भी संभाल चुके हैं। ऐसे में कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलने का फैसला उनके लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इस सीजन गेंद से James Anderson ने किया शानदार प्रदर्शन
जेम्स एंडरसन ने इस साल काउंटी चैंपियनशिप में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 17.68 की औसत से कुल 50 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, उनका यह प्रदर्शन लंकाशायर को निराशाजनक सीजन से बचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। टीम चैंपियनशिप की अंक तालिका में निचले स्थानों पर रही। पिंडली की चोट ने भी इस सीजन एंडरसन को परेशान किया, लेकिन इसके बावजूद वह लंकाशायर के लिए 14 में से 11 चैंपियनशिप मुकाबले खेलने में सफल रहे। पिछले साल नवंबर में उन्होंने अपना कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाया था और 2026 सीजन के लिए उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया था। ऐसे में शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलना उनके भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े करता है।
🚨 JIMMY ANDERSON SET TO RETIRE FROM PROFESSIONAL CRICKET. 🚨
Lancashire has denied renewing 44yearold Anderson’s contract.
He picked 50 wickets at an average of 17 this summer for them. . https://t.co/WtQ4Xfz2tz
— Mufaddal Vohra October 21, 2026
704 टेस्ट विकेट के साथ कहा था अलविदा
जेम्स एंडरसन ने जुलाई 2024 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इंग्लैंड के क्रिकेट प्रबंधन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई लेने का संकेत दिया था, जिसके बाद उन्होंने लॉर्ड्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना अंतिम टेस्ट मुकाबला खेला। एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर का अंत 704 विकेट के साथ किया। उनका गेंदबाजी औसत 26.45 रहा। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद एंडरसन ने इंग्लैंड की टीम के साथ गेंदबाजी सलाहकार और कोचिंग की भूमिका में भी काम किया। हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखा और लंकाशायर के लिए मैदान पर उतरते रहे। अब क्लब के ताजा फैसले के बाद उनके पेशेवर करियर के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।
अब कौन संभालेगा लंकाशायर की कप्तानी?
एंडरसन को नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिए जाने के बाद लंकाशायर के सामने कप्तानी के लिए नया विकल्प तलाशने की चुनौती भी होगी। इस भूमिका के लिए जोश बोहनन, जॉर्ज बाल्डरसन और कीटन जेनिंग्स के नाम चर्चा में हैं। बोहनन इस सीजन टीम के आधिकारिक उपकप्तान थे, जबकि ऑलराउंडर बाल्डरसन ने मेट्रो बैंक कप और चैंपियनशिप के अंतिम मुकाबले में टीम की अगुआई की थी।
वहीं, जेनिंग्स पहले भी क्लब की कप्तानी कर चुके हैं और टी20 टीम की कमान संभालते रहे हैं। हालांकि, क्लब की ओर से नए कप्तान को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दूसरी ओर, एंडरसन के भविष्य पर भी अभी अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि 704 टेस्ट विकेट लेने वाला यह दिग्गज गेंदबाज अपने करियर को आगे बढ़ाता है या क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कहने का फैसला करता है।