पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसकी वजह से लोगों को ज्यादा पसीना आने की समस्या हो रही है. गर्मी और उमस के कारण शरीर में नमी बढ़ जाती है, जिससे स्किन से जुड़ कई परेशानियां होने लगती हैं. कई बार लंबे समय तक पसीना त्वचा पर जमा रहने से खुजली, जलन, लाल चकत्ते और रैशेज जैसी समस्याएं दिखाई देने लगती हैं. इसके अलावा, शरीर के कुछ हिस्सों जैसे गर्दन, पीठ, अंडरआर्म्स और जांघों के आसपास ज्यादा पसीना आने पर परेशानी और बढ़ सकती है.

अगर समय रहते त्वचा की सही देखभाल न की जाए, तो यह दिक्कतें धीरे-धीरे बढ़ सकती हैं. कई लोग इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लगातार में जलन या खुजली होना परेशानी का संकेत हो सकता है. इसलिए जरूरी है कि गर्मियों में स्किन की साफ-सफाई और देखभाल पर ध्यान दिया जाए. आइए जानते हैं कि क्या ज्यादा पसीना आने से स्किन इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है.
क्या ज्यादा पसीना आने से स्किन इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है?
मैक्स हॉस्पिटल में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सौम्या सचदेवा बताती हैं कि ज्यादा पसीना आने से स्किन पर नमी लंबे समय तक बनी रहती है, जिससे बैक्टीरिया और फंगस तेजी से बढ़ सकते हैं. यही कारण है कि गर्मियों में स्किन इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है. खासकर शरीर के उन हिस्सों में, जहां हवा कम पहुंचती है, वहां संक्रमण जल्दी हो सकता है.
पसीने के साथ धूल और गंदगी त्वचा पर जमा हो जाती है, जिससे खुजली, रैशेज और फंगल इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अगर व्यक्ति लंबे समय तक गीले कपड़ों में रहे या शरीर को साफ न रखे, तो यह खतरा और बढ़ सकता है. जिन लोगों की स्किन सेंसिटिव होती है, उनमें यह समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है.
कैसे करें बचाव?
स्किन इंफेक्शन से बचाव के लिए शरीर को साफ और सूखा रखना बेहद जरूरी है. ज्यादा पसीना आने पर समय-समय पर चेहरा और शरीर साफ करें. ढीले और सूती कपड़े पहनें, ताकि हवा आसानी से पास हो सके और पसीना जल्दी सूख जाए.
इसके अलावा, पर्याप्त पानी पिएं और बहुत देर तक गीले कपड़ों में न रहें. अगर स्किन पर खुजली या रैशेज बढ़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
Khabar Monkey
ये भी जरूरी
गर्मियों में दूसरों के तौलिये, कपड़े या पर्सनल चीजें इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इससे संक्रमण फैल सकता है. स्किन को बार-बार खुजलाने से भी परेशानी बढ़ सकती है. अगर किसी जगह पर लगातार लालपन, सूजन या जलन बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें. समय पर सही देखभाल और साफ-सफाई से स्किन इंफेक्शन के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है.





