इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन का रोमांच अपने चरम पर है और प्लेऑफ की तीन टीमें आधिकारिक तौर पर कंफर्म हो चुकी हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) और पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब चौथे पायदान के लिए चार टीमों के बीच कांटे की टक्कर है। आज लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला होना है, जहां पंजाब के लिए जीतना बेहद जरूरी है, वरना उनका सफर भी आज खत्म हो जाएगा।
Khabar Monkey

इस बीच, भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और आईपीएल 2026 में कमेंट्री कर रहे मोहम्मद कैफ ने गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को इस सीजन का सबसे बेहतरीन कप्तान चुना है। गिल की अगुवाई में गुजरात ने इस साल टॉप-2 में जगह बनाई है और अब क्वालीफायर-1 में उनका सामना टेबल टॉपर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
मोहम्मद कैफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर गिल की तारीफ करते हुए लिखा, “मेरे अनुसार शुभमन गिल IPL 2026 के सबसे बेस्ट कप्तान हैं। एक महान कप्तान की असली पहचान यही होती है कि वह अपने गेंदबाजों का सही इस्तेमाल कैसे करता है। गिल के गेंदबाजों ने इस सीजन के 14 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 विकेट चटकाए हैं। गिल अपने गेंदबाजों को टेस्ट मैच वाली सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करने की सलाह देते हैं, जो बेहद कारगर रही है। वे खुद भी बेहतरीन क्रिकेट खेलते हैं और उनकी बैटिंग टेक्निक भी लाजवाब है।”
शुभमन गिल का IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन शुभमन गिल ने इस सीजन में न सिर्फ अपनी बेहतरीन कप्तानी बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भी सबको प्रभावित किया है। बतौर ओपनर खेलते हुए वे टीम को लगातार मजबूत शुरुआत दे रहे हैं। पिछले दो मुकाबलों में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 85 रन और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 64 रनों की मैच जिताऊ पारियां खेलीं। इस सीजन में खेली गई 13 पारियों में गिल के बल्ले से 161.67 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ कुल 616 रन निकले हैं।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर गिल ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर बने हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में उनसे आगे उन्हीं के ओपनिंग पार्टनर साई सुदर्शन हैं, जिन्होंने 14 पारियों में 638 रन बनाए हैं। गिल अपने साथी खिलाड़ी से महज 22 रन पीछे हैं और इस सीजन में अब तक 6 शानदार अर्धशतक जड़ चुके हैं।





