राजपाल यादव ने अपने करियर में दर्जनों सुपरहिट किरदार निभाए हैं। लेकिन कॉमेडी किरदारों की बात की जाएगी तो भूल भुलैया का छोटा पंडित पहले नंबर पर आएगा। अक्षय कुमार स्टारर भूल भुलैया में राजपाल यादव ने अपनी कॉमेडी का ऐसा तड़का लगाया कि लोग उनके दीवाने हो गए और आज भी इस किरदार की क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि राजपाल यादव के बालों में अगरबत्ती लगाकर वाबले पंडित का लुक कैसे तैयार हुआ था। इस लुक को जब पहली बार डायरेक्टर प्रियदर्शन ने देखा था तो वे हंसहंस कर लोटपोट हो गए थे। इसका खुलासा भी खुद राजपाल यादव ने ही किया है।

क्या बोले राजपाल यादव?
हाल ही में बॉलीवुड बबल के साथ एक बातचीत में राजपाल यादव ने बताया कि कैसे सेट पर उनका यह मशहूर लुक तैयार किया गया और उन्होंने धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस किरदार को इतनी संवेदनशीलता से क्यों निभाया। भूमिका के पीछे की प्रेरणा के बारे में बोलते हुए राजपाल यादव ने छोटा पंडित को भरत मुनि के ‘नाट्यशास्त्र’ से ‘विदूषक’ की अवधारणा से जोड़ा। इस विचार को समझाते हुए उन्होंने कहा, ‘छोटा पंडित जो था, वो पहली बात मानिए भरत मुनि के नाट्यशास्त्र में अलग-अलग बहुत सारे पात्रों की कल्पना की गई है। हमसे एक विदूषक होता है।’ उन्होंने आगे बताया, ‘विदूषक ये होता है कि वो अपने दरबार में मजाक बनवाता है और लोगों को हंसाता है।’ उन्होंने बताया, ‘मैं वास्तव में धर्म की पूजा करता हूं। इसलिए यह किरदार मेरे लिए अंदर ही अंदर बहुत चुनौतीपूर्ण था कि अगर जरा सी भी गलती से मैंने इधर-उधर किया, तो हमारे धर्म का मजाक न उड़ जाए।’ साथ ही राजपाल यादव ने बताया कि जब प्रियदर्शन ने उनका ये लुक पहली बार देखा था तो वे भी खूब हंसे थे।
सुपरहिट रही थी फिल्म
डायरेक्टर प्रियदर्शन की फिल्म भूल भुलैया साल 2007 में रिलीज हुई थी और अपने तरह की अनोखी फिल्म थी। इस हॉरर कॉमेडी से भरी कहानी में अक्षय कुमार ने लीड रोल निभाया था। इसके साथ ही विद्या बालन, शाइनी अहूजा, अमीषा पटेल और राजपाल यादव समेत कई दिग्गज कलाकारों ने दमदार रोल्स निभाए थे। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी और 82 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई की थी। इस फिल्म के डायलॉग्स और किरदार आज भी सोशल मीडिया पर वायरल रहते हैं।
Khabar Monkey
–





