हार्दिक गज्जर के निर्देशन में बनी ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: ह्रदयम’ इन दिनों सुर्खियों में छाई है। फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और बॉक्स ऑफिस पर ये जबरदस्त कमाई कर रही है। माइथोलॉजिकल ड्रामा फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस फिल्म में श्रीकृष्ण की भूमिका में नजर आ रहे अभिनेता की भी अब हर तरफ चर्चा है, जिनके चेहरे की मुस्कान, धैर्य और शांत भाव ने दर्शकों को खुश कर दिया है। ‘कृष्णावतारम’ में सिद्धार्थ गुप्ता ने श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई है और अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित करने में भी सफल हुए हैं। लेकिन, अब भी कम ही लोग सिद्धार्थ के बारे में जानते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: ह्रदयम’ में नजर आए सिद्धार्थ गुप्ता कौन हैं।
Khabar Monkey

मशहूर प्रोड्यूसर के भाई हैं सिद्धार्थ गुप्ता
‘कृष्णावतारम पार्ट 1: ह्रदयम’ में श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर सिद्धार्थ गुप्ता खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके अभिनय और लुक्स की हर तरफ चर्चा है। लेकिन, कम ही लोग जानते हैं कि सिद्धार्थ टीवी के जाने-माने प्रोड्यूसर और बिग बॉस 11 फेम विकास गुप्ता के भाई हैं। जी हां, वही विकास गुप्ता जिनकी बिग बॉस 11 के दौरान शिल्पा शिंदे के साथ लगातार जंग छिड़ी हुई थी। विकास का नाम बिग बॉस से पहले और बाद में भी कई वजहों से चर्चा में रहा है और सिद्धार्थ इन्हीं विकास गुप्ता के छोटे भाई हैं। हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विकास और सिद्धार्थ के बीच पिछले कुछ सालों से अनबन चल रही है और ये एक-दूसरे से संबंध भी नहीं रखते।
हुडी बॉय बनकर मिला फेम
सिद्धार्थ गुप्ता के एक्टिंग करियर की बात करें तो उन्होंने 2014 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। पहली बार वह कुकू माथुर की ‘झंड हो गई जिंदगी’ में नजर आए थे। फिर वह एकता कपूर की ‘रागिनी एमएमएस रिटर्न’ में भी नजर आए और फिर ‘प्यार तूने क्या किया’ जैसे शोज को होस्ट करने के लिए भी चर्चा में रहे। लेकिन, सिद्धार्थ तब सबसे ज्यादा चर्चा में रहे जब वह मशहूर सिंगर ध्वनि भानुशाली के सॉन्ग ‘वास्ते’ में दिखाई दिए। इस गाने में उनका हुडी लुक खूब वायरल हुआ था। इसके अलावा उनकी कंजी आंखें, शार्प लुक्स को देखकर हर कोई इंप्रेस हो गया था। अब सिद्धार्थ कृष्णावतारम को लेकर चर्चा में हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। हाल ही में इस फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री भी कर दिया गया है।
बॉक्स ऑफिस पर कृष्णावतारम का कमाल
फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो हार्दिक गज्जर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने 6 दिनों में 11.87 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। रिलीज के छठवें दिन फिल्म ने 1.24 करोड़ की कमाई की और वो भी तब जब पहले से ही सिनेमाघरों में ‘भूत बंगला’, ‘राजा शिवाजी’ और ‘दादी की शादी’ जैसी बड़े बजट और बड़े स्टार्स वाली फिल्में हैं। ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: ह्रदयम’ में सिद्धार्थ गुप्ता के साथ संस्कृति जयना और सुष्मिता भट, निवाशिनी कृष्णन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत है कि अक्सर टीवी धारावाहिकों और फिल्मों में जहां राधा-कृष्ण या रुक्मिणी-कृष्ण की कहानियों पर ध्यान केंद्रित किया जाता है तो वहीं कृष्णावतारम’ में ‘सत्यभामा’ (भामा) के किरदार को दी गई अहमियत है। संस्कृती जयाना ने राजा सत्राजित की बेटी भामा का किरदार निभाया है।
ः





