NEET 2026 पेपर लीक मामले में कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के चलते धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है. CJP के बैनर तले छात्र उनके इस्तीफे की मांग को लेकर करीब महीने भर से प्रदर्शन कर रहे थे. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी 26 दिनों तक भूख हड़ताल की थी. ऐसे में धर्मेंद्र प्रधान का नाम चर्चाओं में हैं. आइए जानते हैं लंबे समय से राजनीति में सक्रिय धर्मेंद्र प्रधान की संपत्ति कितनी है?

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान और उनके परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 6.92 करोड़ रुपये है. हालांकि, परिवार पर ₹53.38 लाख रुपये की देनदारी भी शामिल हैं. वित्त वर्ष 202223 में धर्मेंद्र प्रधान की सालाना आय 12.75 लाख रुपये रही. वहीं उनकी पत्नी मृदुला ठाकुर की वार्षिक आय 49.92 लाख रुपये दर्ज की गई. यानी परिवार की कुल आय में उनकी पत्नी की कमाई का बड़ा योगदान है.
बैंक जमा, म्यूचुअल फंड और इंश्योरेंस में निवेश
धर्मेंद्र प्रधान और उनके परिवार ने बैंक जमा, म्यूचुअल फंड और बीमा योजनाओं में निवेश किया है. साल 2024 के हलफनामे के मुताबिक, उनके परिवार के बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और पब्लिक प्रोविडेंट फंड में कुल 2.47 करोड़ रुपये जमा थे. इसके अलावा, परिवार ने 80.40 लाख रुपये म्यूचुअल फंड में निवेश किए हैं. वहीं अलगअलग बीमा पॉलिसियों में उनका कुल निवेश 67.72 लाख रुपये है.
ओडिशा और दिल्लीएनसीआर में है संपत्ति
धर्मेंद्र प्रधान के पास ओडिशा और दिल्लीएनसीआर क्षेत्र में कई अचल संपत्तियां हैं. हलफनामे के अनुसार, उनके पास ओडिशा में 12 लाख रुपये की कृषि भूमि और 20.50 लाख रुपये की गैरकृषि भूमि है. इसके अलावा, साल 2024 के मूल्यांकन के अनुसार धर्मेंद्र प्रधान और उनकी पत्नी के नाम पर करीब 1.98 करोड़ रुपये की आवासीय संपत्तियां हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक फ्लैट और ओडिशा के भुवनेश्वर में एक घर शामिल है.
कार, सोना और चांदी भी है संपत्ति का हिस्सा
धर्मेंद्र प्रधान के नाम पर 2011 मॉडल की होंडा सिटी कार दर्ज है. वहीं उनकी पत्नी के नाम पर कई कमर्शियल वाहन पंजीकृत हैं. अगर सोनेचांदी की बात करें तो धर्मेंद्र प्रधान के पास 200 ग्राम सोना और 2.5 किलोग्राम चांदी है. उनकी पत्नी के पास 500 ग्राम सोना और 10 किलोग्राम चांदी दर्ज है. साल 2024 के हलफनामे के मुताबिक, धर्मेंद्र प्रधान पर पंजाब नेशनल बैंक और आईडीबीआई बैंक का कुल 31.38 लाख रुपये का कर्ज है.
बड़े नेताओं में गिने जाते हैं धर्मेंद्र प्रधान
धर्मेंद्र प्रधान का जन्म 26 जून 1969 को ओडिशा के तालचर में हुआ था. वे BJP के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं. उनके पिता डॉ. देवेन्द्र प्रधान भी भाजपा के दिग्गज नेता रहे हैं. वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रह चुके हैं. पेपर लीक विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान लगातार राजनीतिक चर्चाओं में बने हुए हैं.