नई दिल्ली: सोने पर कस्टम ड्यूटी में बढ़ोतरी के बावजूद रुपये में गिरावट जारी है। भारतीय रुपया आज डॉलर के मुकाबले 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 95.7450 के ऑल टाइम लो पर पहुंच गया। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे टूटकर 95.68 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 95.7375 तक गिरा था। रुपया इस साल डॉलर के मुकाबले 6.5 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है और एशिया में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसीज में है।

सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर बुधवार को 15 प्रतिशत कर दिया है। पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ती आयात लागत के बीच कीमती धातुओं के आयात पर अंकुश लगाने के उपायों के तहत यह कदम उठाया गया है। माना जा रहा है कि इससे भारत को विदेशी मुद्रा बचाने और ट्रेड डेफिसिट कम करने में मदद मिलेगी। इससे अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.52 प्रति डॉलर पर खुला जो उसके पिछले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़त दर्शाता है। लेकिन दोपहर बाद इसमें गिरावट आई।
कैसे थमेगी रुपये की गिरावट?
अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में काफी तेजी आई है। इससे भारत के मैक्रोइकॉनमिक आउटलुक पर अतिरिक्त दबाव दिख रहा है। इकनॉमिस्ट्स ने ग्रोथ के अनुमान को कम किया है, महंगाई के अनुमान को बढ़ाया है और रुपये पर लगातार दबाव बने रहने की चेतावनी दी है। डीबीएस में सीनियर इकनॉमिस्ट राधिका राव ने एक नोट में कहा कि तेल की कीमतों में भारी गिरावट या पोर्टफोलियो प्रवाह की बहाली की स्थिति में ही रुपये की गिरावट को थामा जा सकता है।
Khabar Monkey
28 फरवरी को ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से ब्रेंट क्रूड की कीमत में करीब 50 फीसदी तेजी आई है। इस दौरान रुपये में डॉलर के मुकाबले 5 फीसदी गिरावट आई है। जानकारों का कहना है कि अगर आरबीआई मार्केट में दखल नहीं देता तो रुपये में ज्यादा गिरावट आ सकती थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01% की बढ़त के साथ 98.30 पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक FII मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।





