आजकल मार्केट में खान-पान की कई चीजों में मिलावट की जाती है। दूध, दही, मसाले, तेल, दाल समेत कई खाद्य पदार्थों में मिलावटी की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसके साथ कई खाद्य पदार्थों में केमिकल मिलाया जाता है, जो सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इन्हीं में से एक हींग भी है। भारतीय घरों में व्यापक रूप से हींग का इस्तेमाल किया जाता है। खासकर खाना बनाते वक्त तड़का लगाने और भोजन का स्वाद बढ़ाने में इसका इस्तेमाल किया जाता है।

हींग एक तीखी सुगंध वाला प्राकृतिक गोंद है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से भारतीय व्यंजनों में किया जाता है। हींग किसी पेड़ या फल से नहीं, बल्कि फेरूला नामक पौधे की जड़ों से निकलने वाला एक सूखा दूध या गोंद होती है। पौधे की जड़ों में चीरा लगाया जाता है जिससे एक दूध जैसा चिपचिपा पदार्थ निकलता है। हवा के संपर्क में आते ही यह सूख जाता है और धीरे-धीरे गोंद की तरह सख्त हो जाता है। बाजार में मिलने वाली हींग में कई बार केमिकल या फिर कुछ चीजें मिलाई जाती हैं।
कुछ मसालों के साथ हींग में विदेशी राल या अन्य सस्ते पदार्थ मिलाकर मिलावट की जाती है। यह एक प्रकार का प्राकृतिक गोंद होता है, जो वियतनाम, चीन, इंडोनेशिया और अरब देशों के जंगलों में पाए जाने वाले पेड़ों से निकाला जाता है। यह अपनी मनमोहक सुगंध के लिए जाना जाता है। इसी को हींग में भी मिलाया जाता है, जिससे यह पता लगा पाना मुश्किल हो जाता है कि हींग मिलावटी है या फिर असली। लेकिन एक तरीका है जिसकी मदद से आप मिलावटी हींग का पता लगा सकते हैं। आइए जानते हैं।
फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ इंडिया (FSSAI) ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसकी मदद से आप घर पर ही आसानी से मिलावटी हींग का पता लगा सकते हैं।
ऐसे करें मिलावटी हींग की पहचान
मिलावटी हींग की जांच करने के लिए एक चम्मच ले लें। इस चम्मच में थोड़ी सी हींग रख लें। अब कैंडल या फिर गैस जलाकर उसके फ्लेम पर चम्मच को आगे की ओर से रखें। गर्मी होने के बाद हींग जलने लगेगी। आग में यह कपूर की तरह जलने लगती है और इसका फ्लेम कपूर की ही तरह होता है। FSSAI के अनुसार, शुद्ध हींग आग के संपर्क में आने पर कपूर की तरह जलती है और चमकीली लौ देती है।
अगर हींग में से कोई लौ न निकले और या जलने का तरीका सामान्य हींग से अलग दिखाई दे, तो उसमें मिलावट होने की आशंका हो सकती है। दरअसल, हींग में जब विदेशी राल मिलाई जाती है तो जलाने पर इसमें कोई फ्लेम नहीं बनती और अगर बनती भी है तो उसका रंग दूसरा होता है। ऐसे में आप आसानी से घर पर मिलावटी हींग की पहचान कर सकते हैं।
Khabar Monkey












