होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने सितंबर 2026 की बिक्री के आंकड़े जारी कर दिए हैं. कंपनी ने पिछले महीने कुल 7,06,266 दोपहिया वाहन बेचे. इनमें से 6,36,768 यूनिट भारत में बिकीं, जबकि 69,498 यूनिट का निर्यात किया गया. सितंबर 2025 में कंपनी ने कुल 5,68,164 यूनिट बेची थीं. इस तरह सालाना आधार पर कंपनी की कुल बिक्री में करीब 24% की बढ़ोतरी हुई है.

वित्त वर्ष 202627 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान भी होंडा की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली है. इस दौरान कंपनी ने कुल 34,40,072 यूनिट बेचीं. इनमें 30,44,072 यूनिट घरेलू बाजार में बिकीं, जबकि 3,96,000 यूनिट का निर्यात किया गया. पिछले साल के मुकाबले कुल बिक्री करीब 15% बढ़ी है. खास बात यह है कि इस दौरान कंपनी के निर्यात में 27% की सालाना बढ़ोतरी हुई है.
पिछले साल कम हुई थी बिक्री
इन आंकड़ों की तुलना करते समय पिछले साल की स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है. 2025 में GST दरों में कटौती और कीमतें कम होने की उम्मीद के कारण कुछ ग्राहकों ने वाहन खरीदने का फैसला टाल दिया था. इससे पिछले साल का बिक्री आधार कमजोर रहा. बाद में जीएसटी कटौती के बाद त्योहारी सीजन के दौरान बिक्री में तेज उछाल देखने को मिला था. इसका असर अक्टूबर 2026 के सालाना बिक्री आंकड़ों की तुलना पर भी पड़ सकता है.
भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाएगी कंपनी
होंडा ने सितंबर की बिक्री में अलगअलग बाइक और स्कूटर की बिक्री का आंकड़ा जारी नहीं किया है. कंपनी ने इस साल जुलाई में भारत में अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने की योजना की घोषणा की थी. इसके तहत 2028 तक सालाना करीब 80 लाख यूनिट प्रोडक्शन हासिल करने का टारगेट है. कंपनी भारत को अपने मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब के तौर पर और मजबूत करना चाहती है. इसके अलावा, जुलाई में होंडा ने एक बड़े लॉन्च इवेंट में 10 नए और अपडेटेड मॉडल पेश किए थे. इन नए मॉडलों की बिक्री बढ़ने के साथ आने वाले महीनों में कंपनी के कुल बिक्री आंकड़ों को भी फायदा मिल सकता है.