JSW MG मोटर इंडिया 16 जुलाई को भारतीय बाजार में अपनी नई SUV से पर्दा उठाने जा रही है. कंपनी ने अब तक इस SUV का नाम या यह इलेक्ट्रिक होगी या हाइब्रिड, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. लेकिन अब तक सामने आए टीजर, पेटेंट और टेस्टिंग के दौरान दिखी तस्वीरों से इस नई SUV के बारे में काफी जानकारी मिल चुकी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, MG की यह नई SUV Wuling Starlight 560 पर बेस्ड होगी, जो पहले से दूसरे देशों में बिक रही है. भारत में इसे MG ब्रांड के नाम से लॉन्च किया जाएगा.

हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह SUV प्लगइन हाइब्रिड होगी या पूरी तरह इलेक्ट्रिक . कंपनी ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है. हालांकि, MG ने अपने टीजर में बताया है कि यह SUV कंपनी के नए “Adapt” प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है. टीजर में कार के फर्श के नीचे बैटरी पैक भी दिखाया गया था. इससे माना जा रहा है कि यह बैटरी बेस्ड SUV होगी. अगर कंपनी इसे प्लगइन हाइब्रिड के रूप में लॉन्च करती है, तो यह भारत में MG की पहली PHEV कार होगी. वहीं अगर यह पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल होता है, तो कंपनी की EV लाइनअप और मजबूत हो जाएगी.
कैसा होगा डिजाइन?
अगर भारतीय मॉडल ग्लोबल वर्जन जैसा रहा, तो इसमें मजबूत और बॉक्सी SUV डिजाइन देखने को मिलेगा. इसमें ऊंचा बोनट, बड़ी फ्रंट ग्रिल, चौकोर व्हील आर्च, LED हेडलाइट्स, रूफ रेल्स, रूफ स्पॉइलर और 18 इंच के ड्यूलटोन अलॉय व्हील मिल सकते हैं. यह SUV 5सीटर और 7सीटर दोनों विकल्पों में आ सकती है. यानी इसमें परिवार के लिए अच्छाखासा केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है।
इंटीरियर में मिलेंगे हाईटेक फीचर्स
नई MG SUV का केबिन काफी मॉडर्न और प्रीमियम हो सकता है. इसमें 12.8 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 8.8 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की संभावना है. इसके अलावा इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 6स्पीकर ऑडियो सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और कई एडवांस फीचर्स भी मिल सकते हैं.
किन कारों से होगा मुकाबला?
भारत में लॉन्च होने के बाद MG की यह नई SUV का मुकाबला Mahindra XUV 7XO और Tata Safari जैसी 7सीटर SUV से हो सकता है. अगर कंपनी भविष्य में इसका इलेक्ट्रिक मॉडल भी लाती है, तो यह Mahindra XEV 9S जैसी इलेक्ट्रिक SUV को टक्कर दे सकती है. अब सभी की नजरें कल होने वाले लॉन्च इवेंट पर हैं, जहां कंपनी इस नई SUV के नाम, कीमत, फीचर्स और पावरट्रेन से जुड़ी पूरी जानकारी साझा करेगी.