सिंगरौली: मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव अपने जुदा अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। बीते रोज वे सिंगरौली की सड़कों पर चाट-समोसा खाते नजर आए। उनका वीडियो बना रहे एक दुकानदार ने पुलिसवालों की चुगली कर दी…उधर सीएम ने दो बच्चों के कंधे पर हाथ रखकर पूछा मुझे जानते हो, जैसे ही बच्चों ने उनका नाम बताया, सीएम ने खुश होकर उन्हें गले लगा लिया।

दरअसल मुख्यमंत्री दो दिन पहले सिंगरौली पहुंचे थे। वे यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात रुके थे। वे देर शाम को वे प्रोटोकॉल तोड़कर और लाव-लश्कर छोड़कर सड़कों पर घूमते नजर आए। चाट की दुकान देखकर वे खुद को रोक नहीं सके और दुकान पर पहुंच गए। उन्होंने दुकानदार से कहा, समोसा बनाओ। इस दौरान वहां आसपास के दुकानदार और आमलोग एकत्रित हो गए। सीएम ने समोसा खाते-खाते लोगों से सहजभाव से बातचीत शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को समोसा खिलाते हुए पूछा सब ठीक चल रहा है? इस पर उसने बताया कि यहां पुलिस जबरन चैकिंग लगाकर परेशान करती है। ग्राहक नहीं आ पाते। अन्य लोगों ने भी इसमें हामी भर दी।
सीएम ने दुकानदार से पूछा कितना पैसा हुआ, दुकानदार ने सकुचाते हुए कहा, सर 10 रुपए। इस पर सीएम बोले, अरे ऐसा नहीं सही बताओ 10 रुपए कुछ होता है, मैं 500 रुपए दूंगा। सीएम ने दुकानदार के क्यूआर कोड को स्कैन कर उसके खाते में 500 रुपए डाले। इस दौरान लोगों ने सीएम से कॉलेज खोलने की बात कही तो उन्होंने बताया कि जल्द ही यहां कॉलेज बनवा रहे हैं।
SP को बुलाया, लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए
दुकानदार व आम लोगों द्वारा पुलिस की शिकायत और जबरिया चैकिंग की बात सुनकर सीएम मोहन यादव ने तत्काल एसपी को मौके पर बुला लिया। पुलिस अधिकारी से बोले, देखो यहां लोगों को परेशान नहीं करना है। लोगों को परेशान मत कीजिएगा।
Khabar Monkey
बच्चों से पूछा मुझे जानते हो, नाम सुनते ही खुश होकर गले लगा लिया
सीएम इलाके में टहल रहे थे, लोगों से मिल रहे थे। इसी दौरान दो बच्चे उनसे मिलने पहुंच गए। सीएम ने उनसे बातचीत की और उनका नाम पूछा। फिर तपाक से पूछा मुझे जानते हो? बच्चों ने जैसे कहा हां, डॉ. मोहन यादव…सीएम खुद हो गए और अरे वाह बोलते हुए दोनों बच्चों को गले लगा लिया।





