बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अपनी दमदार एक्टिंग के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री शहाना गोस्वामी ने हाल ही में मॉडल और अभिनेता मिलिंद सोमन के साथ अपने पुराने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। एक हालिया इंटरव्यू में शहाना ने उन कारणों का खुलासा किया, जिनकी वजह से दोनों ने एक-दूसरे से बेहद प्यार करने के बावजूद अपनी राहें अलग करने का फैसला किया था। सिद्धार्थ कनन के यूट्यूब चैनल पर दिए इस इंटरव्यू में अभिनेत्री ने बताया कि कैसे जब वह महज एक टीनएजर थीं, तभी से उनके मन में मिलिंद के लिए एक खास अट्रैक्शन शुरू हुआ था और सालों बाद कैसे यह जुड़ाव एक वास्तविक रिश्ते में बदल गया। सहाना जब मिलिंद के सात रिश्ते में आईं तो उनकी उम्र सिर्फ 22 साल थी और 43 साल के थे।

जब 16 साल की उम्र में मिलिंद की दीवानी हो गई थीं शहाना
शहाना गोस्वामी ने बचपन के उन दिनों को याद करते हुए साझा किया कि जब वह लगभग 16 या 17 साल की थीं, तब उन्होंने पहली बार बड़े पर्दे पर मिलिंद सोमन की एक फिल्म देखी थी। उस फिल्म को देखने के बाद वह मिलिंद के व्यक्तित्व से इस कदर प्रभावित और मंत्रमुग्ध हो गईं कि उन्होंने इंटरनेट पर उनके कॉन्टैक्ट डिटेल्स तलाशने शुरू कर दिए ताकि वह किसी तरह मिलिंद तक पहुंच सकें। शहाना ने उस दौर का एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया, ‘फिल्म देखने के बाद, मैं उनके प्रति पूरी तरह आकर्षित हो गई थी। देखिए किस्मत ने कैसे खेल दिखाया। मैं उन्हें खत भेजने के लिए इंटरनेट पर उनका पता ढूंढ रही थी, और तभी मुझे उनका लैंडलाइन नंबर मिल गया। उस दौरान मेरे पिता ने मुझे एक सेलफोन गिफ्ट किया था, जो मेरी उम्र के बच्चों के पास होना उस समय आम बात नहीं थी। मिलिंद ने अपने आंसरिंग मशीन पर अपना सेलफोन नंबर छोड़ा हुआ था। मैंने उन्हें मैसेज किया और उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उन्होंने तुरंत जवाब भी दिया।’
Khabar Monkey
बिना बात किए 6 साल तक चलता रहा मैसेज का सिलसिला
शहाना ने आगे बताया कि इस पहले मैसेज के बाद उनके और मिलिंद के बीच टेक्स्ट मैसेजेस के जरिए बातचीत का एक लंबा सिलसिला शुरू हो गया, जो लगभग छह साल तक चलता रहा। हैरान करने वाली बात यह थी कि इस पूरे समय के दौरान दोनों ने कभी फोन पर एक-दूसरे से बात नहीं की। शहाना ने खुद को मजाकिया अंदाज में एक ‘स्टाकर फैन’ बताया, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि उनके संदेश कभी किसी जूनून या पागलपन से भरे नहीं थे। उनका मकसद हमेशा मिलिंद को एक अच्छे इंसान के रूप में जानना और उनसे जुड़ना था। कॉलेज की पढ़ाई के लिए जब शहाना मुंबई शिफ्ट हुईं तो शुरुआती दिनों में मिलिंद के साथ उनकी सिर्फ कुछ ही औपचारिक मुलाकातें हुईं। इसके कई सालों बाद, जब वे दोनों अपने-अपने जीवन में सिंगल थे, तब शहाना ने उन्हें दोबारा मैसेज किया और यहीं से दोनों के बीच एक वास्तविक प्रेम संबंध की शुरुआत हुई।
गहरा प्यार होने के बाद भी क्यों हुआ साल 2013 में ब्रेकअप?
दोनों के बीच सबकुछ अच्छा चलने और गहरा प्यार होने के बावजूद, आखिरकार साल 2013 में यह रिश्ता खत्म हो गया। शहाना ने बताया कि वे दोनों जीवन के अलग-अलग पड़ाव पर थे, जहां दोनों की भावनात्मक जरूरतें और जिंदगी से उम्मीदें बिल्कुल अलग थीं। अपने ब्रेकअप की वजहों को स्पष्ट करते हुए शहाना ने कहा, ‘यह सब सही समय के बारे में है। आखिरी वक्त तक हम दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे, लेकिन जब आप देखते हैं कि कोई रिश्ता आपस में तालमेल नहीं बैठा पा रहा है तो आपको उसे जाने देना पड़ता है।’
एक्ट्रेस रहना चाहती थीं आजाद
उन्होंने अपने निजी विचारों और आजादी को लेकर बात करते हुए आगे कहा, ‘मैं उस दौर में यह महसूस कर रही थी कि मैं ऐसी इंसान नहीं हूं जो किसी पारंपरिक या बंधनों वाले रिश्ते में रह सके। मैं प्यार पर बहुत गहराई से विश्वास करती हूं लेकिन मैं आजादी में भी उतना ही भरोसा रखती हूं। मैंने समय के साथ सीखा है कि यदि आप लोगों को अपने साथ बांधकर रखते हैं तो वह प्यार नहीं है। उन्हें स्वतंत्र छोड़ दें। हमारे बीच यही एक बड़ा अंतर था। यह एक स्वाभाविक अहसास था कि हम अब एक-दूसरे के अनुकूल नहीं हैं। हमारे मन में एक-दूसरे के लिए बहुत प्यार है लेकिन हम रिश्ते से एक जैसी चीजें नहीं चाहते थे।’ गौरतलब है कि शहाना गोस्वामी से अलग होने के कई सालों बाद मिलिंद सोमन ने अंकिता कोंवर से शादी कर ली, जो उम्र में उनसे 26 साल छोटी हैं। वहीं शहाना आज भी अपने काम और स्वतंत्र विचारों के साथ आगे बढ़ रही हैं।





