90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। फिल्मों से दूरी बनाने और आध्यात्मिक जीवन अपनाने के बाद भी ममता अक्सर सामाजिक मुद्दों पर खुलकर राय रखती हैं। हाल ही में भोपाल में हुए त्विषा शर्मा डेथ केस पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और शादी, दहेज और लड़कियों पर होने वाले अत्याचार को लेकर कई बड़ी बातें कहीं।

एनडीटीवी से बातचीत में ममता कुलकर्णी ने कहा कि माता-पिता को अपनी बेटियों की शादी हमेशा ऐसे परिवार में करनी चाहिए जो आर्थिक और मानसिक रूप से सक्षम हो। उन्होंने कहा कि कई बार शादी रिश्ते से ज्यादा लेन-देन और दिखावे का माध्यम बन जाती है, जिसका खामियाजा लड़कियों को भुगतना पड़ता है।
ममता ने कहा, “मैं पहले भी सोशल मीडिया पर कह चुकी हूं कि असक्षम घर में बेटियों की शादी नहीं करनी चाहिए। जब लड़के की शादी होती है तो दहेज की मांग शुरू हो जाती है। अगर कोई अपनी खुशी से बेटी की शादी में खर्च करता है तो अलग बात है, लेकिन स्वाभिमान भी कोई चीज होती है।”
उन्होंने समाज में बढ़ते दिखावे पर भी सवाल उठाए। ममता ने कहा कि बड़े और अमीर परिवार अक्सर अपने बराबरी वाले घरों में रिश्ते करते हैं, लेकिन मध्यम वर्गीय परिवार कई बार दिखावे की होड़ में फंस जाते हैं। इसका असर बाद में लड़की की जिंदगी पर पड़ता है, क्योंकि ससुराल वाले दूसरी बड़ी शादियों का उदाहरण देकर ताने देने लगते हैं।
त्विषा शर्मा केस पर बात करते हुए ममता ने कहा कि शादी के कुछ ही महीनों में किसी लड़की पर इतने आरोप लगाना गलत है। उन्होंने कहा, “सुना है कि उसकी सास ने कहा कि उसे खाना बनाना नहीं आता था। लेकिन क्या हमारी दादी-नानी को शादी से पहले सबकुछ आता था? अगर लड़की को खाना बनाना नहीं आता, तो उसे प्यार से सिखाया जा सकता है।”
ममता ने आगे कहा कि शादी कोई व्यापार नहीं बल्कि दो लोगों का साथ है। उनके मुताबिक पति-पत्नी को बराबरी से रिश्ता निभाना चाहिए और प्यार व समझदारी से एक-दूसरे का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी लड़की पर अत्याचार करना या उसे सिर्फ जिम्मेदारियों का बोझ समझना बिल्कुल गलत है।
Khabar Monkey
बता दें कि ने साल 1992 में फिल्म ‘तिरंगा’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘करण अर्जुन’ और ‘बाजी’ जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आईं। बाद में उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और आध्यात्मिक जीवन की राह चुन ली। हालांकि विवादों से भी उनका पुराना नाता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका नाम साल 2016 में ड्रग रैकेट मामले में सामने आया था, हालांकि बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई।





