आयुर्वेद में अश्वगंधा का इस्तेमाल कई बीमारियों को दूर भगाने के लिए किया जाता है। बढ़ते तनाव और कमजोरी को दूर करने में अश्वगंधा अच्छा माना जाता है। भारत में अश्वगंधा के सप्लीमेंट बड़ी संख्या में इस्तेमाल किए जाते हैं। बाजार में अश्वगंधा की टेबलेट मिलती हैं। लेकिन अब इन्हीं सप्लीमेंट्स को लेकर FSSAI ने एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता तय करने वाली एफएसएसएआई एजेंसी ने अश्वगंधा के सप्लीमेंट्स बनाने वाली कंपनियों को सप्लीमेंट में सिर्फ जड़ का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। क्योंकि सप्लीमेंट में जो दावे किए जा रहे हैं वो गुण अश्वगंधा की जड़ों में ही पाए जाते हैं। जबकि कई कंपनियां दवाओं में अश्वगंधा की पत्तियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिसका असर इसके बिल्कुल विपरीत है। ऐसे में लोगों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।

दरअसल FSSAI के सामने कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनमें अश्वगंधा सप्लीमेंट्स में पत्तियों का उपयोग किया गया था। इसके बाद एजेंसी ने साफ कर दिया है कि अश्वगंधा के नाम पर बेचे जा रहे सप्लीमेंट्स में सिर्फ जड़ों का ही उपयोग किया जाएगा।
अश्वगंधा की जड़ और पत्तियों में अंतर
अश्वगंधा की जड़ और पत्तियों में काफी अंतर होता है। अश्वगंधा की जड़ वाले सप्लीमेंट खाने से शरीर का स्टैमिना बढ़ता है। जबकि अश्वगंधा की पत्तियों और पत्तों के रस का इस्तेमाल वजन कम करने के लिए किया जाता है। अश्वगंधा की जड़ खाने से शरीर में मौजूद कॉर्टिसोल यानी तनाव से जुड़ा हार्मोन कम होता है, जिससे नींद अच्छी आती है। वहीं अश्वगंधा की पत्तियों का रस घाव भरने में इस्तेमाल किया जाता है। दोनों के फायदे काफी अलग हैं। ज्यादातर लोग शारीरिक ताकत बढ़ाने के लिए अश्वगंधा का सेवन करते हैं जो पत्तियों वाले सप्लीमेंट खाने से पूरा नहीं सकता है।
अश्वगंधा की जड़ और पत्तियों में है कीमत का अंतर
भारत में बड़ी संख्या में लोग आयुर्वेद और होमयोपैथिक दवाओं का इस्तेमाल करते हैं। जिसमें अश्वगंधा तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली औषधि में आती है। अश्वगंधा का इस्तेमाल दवाओं के अलावा चाय, जूस, ग्रीन टी और कई हेल्दी भोजन में किया जाता है। लेकिन अश्वगंधा की जड़ और पत्तियों की कीमत में बड़ा अंतर होता है। आमतौर पर अश्वगंधा की जड़ 300 से 500 रुपए किलो बिकती है। वहीं अश्वगंधा की पत्तियां 35 से 50 रुपए प्रति किलोग्राम में आसानी से मिल जाती हैं। ऐसे में मुनाफी कमाने के चक्कर में कुछ दवा कंपनियां अश्वगंधा के सप्लीमेंट के नाम पर पत्तियों का इस्तेमाल कर रही हैं।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)





