तेहरान: ईरान ने अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत पर मिसाइल हमले का दावा किया है। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने बताया है कि जास्क के पास अमेरिकी नौसेना के जहाज पर दो मिसाइलें गिरी हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अमेरिकी युद्धपोत ने रिव्योल्यूशनरी गार्ड की चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया था। इसके बाद यह माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम अब खत्म हो चुका है। इस बीच आशंका जताई जा रही है कि अमेरिका एक बार फिर ईरान पर हमले शुरू कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही नौसेना को ईरानी युद्धपोतों पर हमले का आदेश जारी कर चुके हैं।

अमेरिका के ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ के बीच ईरान का हमला
Khabar Monkey
यह कथित हमला तब हुआ जब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सोमवार से “प्रोजेक्ट फ़्रीडम” शुरू करेगा, जिसका मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को रास्ता दिखाना है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि वह इस कोशिश में 15,000 सैन्य कर्मियों, 100 से ज्यादा जमीन और समुद्र-आधारित विमानों, साथ ही जंगी जहाजों और ड्रोन के साथ मदद करेगा। हालांकि, ईरान ने धमकी दी है कि वह अमेरिका को होर्मुज में किसी भी सैन्य अभियान की अनुमति नहीं देगा।
अमेरिकी नौसेना का फंसे हुए जहाजों को संदेश
अमेरिका ने सोमवार को ईरान के प्रभाव वाले होर्मुज जलडमरूमध्य से फंसे हुए जहाजों को सुरक्षित रूप से मार्गदर्शन देने के प्रयास की शुरुआत की, ताकि क्षेत्र में जारी आर्थिक व्यवधान को कम किया जा सके। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक दिन पहले घोषित “प्रोजेक्ट फ्रीडम” के बाद ‘ज्वाइंट मैरीटाइम इंफॉर्मेशन सेंटर’ ने बताया कि अमेरिका ने मुख्य शिपिंग मार्गों के दक्षिण में एक “उन्नत सुरक्षा क्षेत्र” स्थापित किया है और समुद्री यात्रियों से ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय करने को कहा है। सेंटर ने चेतावनी दी कि सामान्य यातायात मार्ग के पास से गुजरना “अत्यंत खतरनाक” हो सकता है, क्योंकि वहां बारूदी सुरंगों की मौजूदगी की आशंका है।
फ्रांस का प्रोजेक्ट फ्रीडम में शामिल होने से इनकार
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को कहा कि यूरोप अपना सिक्योरिटी सॉल्यूशन बना रहा है और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के ऑपरेशन में हिस्सा नहीं लेगा। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने इसे अस्पष्ट फ्रेमवर्क बताया और बातचीत के जरिए स्ट्रेट को फिर से खोलने की मांग दोहराई। इमैनुएल मैक्रों ने येरेवन, आर्मेनिया में सोमवार से शुरू हुई यूरोपीय पॉलिटिकल कम्युनिटी की 8वीं बैठक में कहा, “यूरोपीय संघ हमारे सिक्योरिटी सॉल्यूशन बना रहा है। यूरोपीय संघ अपनी किस्मत अपने हाथों में ले रहा है, रक्षा व सुरक्षा पर खर्च बढ़ा रहा है और कॉमन सॉल्यूशन बना रहा है।”
मैक्रों ने ईरान-अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की बात कही
फ्रांस के राष्ट्रपति ने सोमवार को येरेवन, आर्मेनिया में यूरोपीय राजनीतिक समुदाय समिट में बोलते हुए ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट को मिलकर फिर से खोलने की बात कही। मैक्रों ने प्रोजेक्ट फ्रीडम में फ्रांस के शामिल होने से मना कर दिया। यह प्रोजेक्ट राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट से नेविगेशन फिर से शुरू करने के लिए शुरू किया था। फ्रांस के प्रेसिडेंट ने कहा, “हम ऐसी किसी चीज में हिस्सा नहीं लेंगे जो साफ नहीं है।”





