Vacancy

UP Board Exams Rules: UP बोर्ड एग्जाम देने जा रहे हैं? पहले जान लीजिए ये जरूरी नियम, सख्ती से करना होगा पालन

UP Board Exams Rules: UP बोर्ड एग्जाम देने जा रहे हैं? पहले जान लीजिए ये जरूरी नियम, सख्ती से करना होगा पालन
UP Board Exams Rules: UP बोर्ड एग्जाम देने जा रहे हैं? पहले जान लीजिए ये जरूरी नियम, सख्ती से करना होगा पालन

यूपी बोर्ड एग्जाम के नियमों में और भी सख्तीImage Credit source: Meta AI

UP Board Exams Rules: यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए लगातार विभाग की ओर से सख्ती बरती जा रही है. पिछले कुछ सालों में यह सख्ती ज्यादा ही देखने को मिली है जिसकी वजह से पैरेंट्स में भी नाराजगी देखी गई. कुछ परीक्षा सेंटरों पर बच्चों के जूते उतरवाकर एग्जाम हॉल में बिठाया गया था. इस बार बोर्ड ने साफ किया है कि जो भी जांच होगी वह एग्जाम हॉल में एंट्री से पहले ही की जाएगी. बाद में किसी तरह से छात्रों को परेशान नहीं किया जाएगा और जूते भी नहीं उतरवाए जाएंगे. हालांकि बाकी नियमों में सख्ती बढ़ाई गई है जिससे परीक्षा में किसी भी तरह की नकल को रोका जा सके. चलिए जानते हैं ऐसे ही कुछ खास नियम…

सरकार ने माना है कि जूते उतरवाने जैसी प्रक्रिया से छात्रों को मानसिक परेशानी होती है और उन्हें अपमान भी महसूस होता है. अब छात्रों की जांच परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ही पूरी की जाएगी ताकि क्लासरूम में पहुंचने के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो. यह कदम छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए टेक्नोलॉजी पर खास जोर दिया गया है. हर परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर की रोजाना जांच अनिवार्य कर दी गई है. अगर कोई कैमरा या रिकॉर्डिंग सिस्टम खराब पाया गया तो तुरंत इसकी सूचना डीआईओएस और कंट्रोल रूम को देनी होगी. साफ निर्देश हैं कि बिना कैमरे और रिकॉर्डिंग के परीक्षा किसी भी हाल में नहीं होगी.

छात्राओं की तलाशी के लिए सिर्फ लेडी टीचर

वहीं जांच के दौरान छात्राओं के लिए लेडी टीचर ही अपॉइंट की जाएंगी. इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों को यह हिदायत दी गई है कि परीक्षार्थियों से शालीन व्यवहार किया जाए और किसी तरह की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं होगी.

शिक्षा विभाग ने एक और बड़ा बदलाव किया है जिसके तहत जिस विषय की परीक्षा चल रही होगी उस विषय के टीचर की ड्यूटी उस केंद्र पर नहीं लगाई जाएगी. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. मीडिया की मौजूदगी, फोटोग्राफी या किसी तरह की ब्रीफिंग पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है ताकि परीक्षा का माहौल प्रभावित न हो.

आंसर शीट्स को लेकर भी बड़ा नियम

नकल पर लगाम कसने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं को लेकर भी नया नियम लागू किया गया है. अब छात्र को अपनी उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर रोल नंबर और उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखना होगा. परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारी अपने मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बाहर जमा कराएंगे. परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियों को सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डर की निगरानी में पैक कर संकलन केंद्र भेजा जाएगा. सरकार ने यह भी तय किया है कि सभी रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखी जाएंगी. संवेदनशील केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा और नियमित निरीक्षण किया जाएगा.

और पढ़ें: Budget 2026: हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, 5 यूनिवर्सिटीज, 15 हजार क्रिएटर लैब्स जानें एजुकेशन सेक्टर में क्या मिला?

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey