
झांसी। Jhansi News : झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में अपनी भाभी के साथ उसके मायके में रह रहे देवर ने सुसाइड कर ली। सूने मकान में फांसी लगाने का कारण कोई नहीं बता पा रहा है। आस-पास के लोगों का कहना है कि मृतक के भाई की मौत हो जाने के बाद से उसकी भाभी मायके में रह रही है। भाभी के साथ रहने के लिए संतोष भी आ गया था। लंबे समय से दोनों हंसी-खुशी रह रहे थे। अचानक सुसाइड कर लेना सभी की समझ के परे हैं। फिलहाल पुलिस ने संतोष के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन भाइयों में बीच का था संतोष
संतोष का झांसी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हो रहा था। उसका सबसे छोटा भाई साहब सिंह राजपूत पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठा था। जब उससे बात की गई तो उसने बताया कि उसके तीन भाई थे। सबसे बड़े हुकुम सिंह राजपूत जिनकी मौत हो चुकी है। और उनसे छोटे संतोष सिंह राजपूत थे जिन्होंने आत्महत्या कर ली है। और उसने अपने आप को सबसे छोटा बताया।
हुकुम सिंह की मौत के बाद पत्नी मायके चली गई थी
साहब सिंह रोते हुए बताता है कि उसकी भाभी की दर्द भरी कहानी है। जब उसके बड़े भाई हुकुम सिंह की मौत हो गई तो भाभी अपने मायके दुर्गापुर में जाकर रहने लगीं थीं।
संतोष की नहीं हुई थी शादी
भाभी के मायके चले जाने के कुछ दिन बाद संतोष भी उन्हीं के पास चला गया था। और उन्हीं के साथ रहने लगा था। संतोष ने शादी नहीं की थी।
छोटी बच्ची ने देखा फांसी पर लटका
साहब सिंह राजपूत बताता है कि कभी भी घर वालों को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि संतोष सुसाइड कर सकता है। कारण पता नहीं चल सके हैं। संतोष ने जब सुसाइड किया तो उस समय घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। छोटी बच्ची कमरे में गई तो संतोष का शव लटक रहा था। उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग पहुंच गए और परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।