
निकलनी थी बारात, निकली अर्थी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां सोमवार सुबह घर से मॉर्निंग वॉक पर निकला एक युवक लौटकर घर नहीं पहुंचा. इसके बाद सड़क किनारे युवक की खून से लथपथ लाश पुलिस ने बरामद की.बताया जा रहा है कि छह दिन बाद युवक की बारात जानी थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत से खुशियों के घर में मातम फैल गया.
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेण्डा रोड पर पुलिस को आज लगभग 30 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिली. मृतक युवक का हाथ चाकू से कटा हुआ था. लाश के पास से एक चाकू भी पुलिस ने बरामद किया है. मृतक के पास से आधार कार्ड मिलने पर उसकी पहचान बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी.
परिजन बोले- हत्या हुई
मृतक युवक मोनू की छह दिन बाद बारात जानी थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया. परिजनों का आरोप है कि मोनू की हत्या की गई है. साथ ही मृतक के परिजनों ने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाश सड़क किनारे से बरामद हुई, तब उन्हें इसकी सूचना नहीं दी गई.
उनका कहना है कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने के बाद उन्हें फोन कर जानकारी दी गई, जिससे परिवार में रोष है. मृतक मोनू के परिजनों ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और रोज सुबह दौड़ लगाने के लिए निकलता था. लेकिन आज की घटना से परिवार में कोहराम मच गया.
इस घटना के बारे में अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटनास्थल का मुआयना करने पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, क्योंकि मृतक युवक के हाथ की नस कटी हुई थी और पास में चाकू पड़ा था. हालांकि बड़ा सवाल यह है कि अगर मोनू को आत्महत्या ही करनी थी तो वह घर से बाहर क्यों गया? बहरहाल, घटना के पीछे की सच्चाई जानने के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जनता इंटर कॉलेज, पचेण्डा रोड स्थित रजवाहे की पुलिया पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है. उसके हाथ की नस कटी हुई थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया. शव पर बाएं हाथ में चोट और नस कटी हुई मिली. दाएं हाथ की ओर खून के छींटे थे और पास में चाकू रखा था.
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत होता है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. मृतक की पहचान मोनू कुमार पुत्र शिवकुमार, निवासी बच्चन सिंह कॉलोनी के रूप में हुई है. वह रोज सुबह 3:15 बजे के आसपास पानी की बोतल लेकर दौड़ने जाता था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
वहीं मृतक के पिता शिवकुमार ने बताया कि मोनू रोज की तरह सुबह 3 से 3:30 बजे के बीच घर से निकला था. वह ठेले पर काम करने चले गए थे. बाद में पुलिस की सूचना पर उन्हें घटना की जानकारी मिली. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पहले जानकारी नहीं दी गई और मर्चरी में बुलाकर औपचारिकताएं पूरी कराई गईं. उन्होंने बताया कि मोनू की शादी अलमासपुर में तय थी और परिवार न्याय की मांग कर रहा है.






