Viral

मंगेतर से की फोन पर बात, फिर नैनी जेल के बंदीरक्षक ने फंदा लगाकर दे दी जान… अगले महीने थी शादी – Khabar Monkey

मंगेतर से की फोन पर बात, फिर नैनी जेल के बंदीरक्षक ने फंदा लगाकर दे दी जान… अगले महीने थी शादी – Khabar Monkey

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (Prayagraj News) से खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां की केंद्रीय कारागार (नैनी जेल) में तैनात 28 वर्षीय बंदीरक्षक (Prison Guard) ने रविवार रात अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना के रहने वाले पृथ्वीराज चौहान 2021 से जेल विभाग में सेवा दे रहे थे. वो नैनी की प्रयागपुरम कॉलोनी में अकेले रहते थे.

घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार रात पृथ्वीराज अपनी शिफ्ट के लिए ड्यूटी पर नहीं पहुंचे. जेल प्रशासन द्वारा बार-बार फोन किए जाने के बावजूद जब कॉल रिसीव नहीं हुई, तो जेल विभाग के एक सिपाही को उन्हें बुलाने के लिए उनके कमरे पर भेजा गया. कमरा अंदर से बंद था. जब सिपाही ने रोशनदान से झांककर देखा, तो पृथ्वीराज फंदे से लटके हुए थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला.

मंगेतर से हुई थी आखिरी बात

परिजनों के अनुसार, पृथ्वीराज की कुछ महीने पहले ही सगाई हुई थी और अगले महीने उनकी शादी होने वाली थी. घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. बताया जा रहा है कि सुसाइड से पहले पृथ्वीराज ने अपनी मंगेतर से फोन पर लंबी बात की थी. उसके बाद से ही उनका फोन रिसीव होना बंद हो गया था. मंगेतर ने जब अनहोनी की आशंका जताई और परिवार को सूचित किया, तब तक काफी देर हो चुकी थी.

सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल खोलेगा राज

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. रविवार दोपहर को पृथ्वीराज ने अपनी बहन से वीडियो कॉल पर सामान्य बातचीत की थी और पिता के प्रयागराज आने के बारे में पूछा था. अचानक उठाए गए इस कदम से हर कोई हैरान है. पुलिस ने पृथ्वीराज का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल्स व चैट खंगाली जा रही है.

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey