Viral

आगरा में तेज रफ्तार का कहर; 100KM स्पीड में ट्रक ने 2 ऑटो रौंदे, जगन्नाथ पुरी से लौट रहे 6 की मौत

आगरा में तेज रफ्तार का कहर; 100KM स्पीड में ट्रक ने 2 ऑटो रौंदे, जगन्नाथ पुरी से लौट रहे 6 की मौत

लखनऊः उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार के दिन तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ओवर स्पीड ट्रक ने सवारियों से भरी दो ऑटो को टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे ने 6 परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली। मृतक ग्रामीण जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल है जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा इतना खौफनक था कि तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर लगते ही दोनों ऑटो हवा में उछल गए। वाहन सड़क से करीब 10 फीट दूर जाकर पहले पेड़ से टकराए फिर गड्ढे में पलट गए। हादसे के चलते दोनों ऑटो टुकड़ों में बंट गए। वहीं, सवार यात्रियों के सिर और चेहरे पर चोटें आई, इससे कई की मौके पर जान चली गई। वहीं, कई गंभीर घायल हो गए।

100 की रफ्तार से चल रहा था ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक नशे में था और करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक चला रहा था। वह जलेसर रोड की तरफ से लहराते हुए आ रहा था। सबसे पहले उसने एक ऑटो को टक्कर मारी और उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद सामने आ रहे दूसरे ऑटो को भी उसने जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।

जगन्नाथ से दर्शन कर लौट रहे थे सभी

बताया जा रहा है कि सभी ऑटो सवार थाना सहपऊ क्षेत्र के भादऊ गांव के रहने वाले थे। बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदयवीर सिंह और रामदत्त 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए निकले थे। दर्शन के बाद शनिवार को वे जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से अपने गांव लौटने के लिए उन्होंने दो ऑटो बुक किए। एक ऑटो शहीद खान चला रहा था, जबकि दूसरे ऑटो के चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद भादऊ गांव में मातम पसरा हुआ है। घर-घर रोना-बिलखना मचा है और परिजनों का कहना है कि एक पल में उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई।

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey