
शरद कपूर बर्थडे
Sharad Kapoor Birthday Special: हिंदी सिनेमा में 90 के दशक में कई एक्टर्स ने अपने एक्टिंग करियर का आगाज किया था. इस लिस्ट में शरद कपूर भी शामिल रहे हैं. शरद कपूर ने कभी बॉलीवुड में बड़े-बड़े एक्टर्स को अपने शानदार अभिनय से टक्कर दी थी. हालांकि वक्त के साथ वो बॉलीवुड से दूर होते चले गए. उन्होंने जानी-मानी एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के साथ अपने फिल्मी करियर का आगाज किया था. आज अभिनेता 50 साल के हो गए हैं.
शरद कपूर का जन्म 13 फरवरी 1976 को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हुआ था. उन्होंने बड़े पर्दे पर खलनायक के किरदार निभाए हैं. हालांकि फिल्मी दुनिया में नाम कमाने से पहले वो मुंबई की गलियों में काम की तलाश में दर-दर भटकते थे. ज्यादातर ग्रे शेड रोल में नजर आए शरद की प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ भी काफी सुर्खियों में रही है. बता दें कि अभिनेता ने एक एक्स सीएम की पोती से शादी रचाई थी.
6 महीने तक काम की तलाश में भटके
कम उम्र में ही शरद ने अभिनेता बनने का सपना देख लिया था. एक्टिंग में करियर बनाने के लिए वो मुंबई आ गए थे. हालांकि काम की तलाश में उन्हें करीब 6 महीने तक रोज इधर-उधर जाना पड़ता था. वो ‘माया नगरी’ में फिल्ममेकर्स के दफ्तर के चक्कर काटते रहते थे और उनकी ये मेहनत रंग भी लाई.
ये भी पढ़ें: बड़े पर्दे से गायब हुए एक्टर शरद कपूर, अब चला रहे हैं इस चीज का बिजनेस
सुष्मिता की फिल्म से किया था डेब्यू
बड़े पर्दे से पहले वो साल 1995 में दूरदर्शन के सीरियल ‘स्वाभिमान’ में नजर आए थे. इसके बाद ‘आंखें’ और ‘चाहत और नफरत’ जैसे शोज का भी हिस्सा रहे. फिर उन्हें दिग्गज डायरेक्टर महेश भट्ट की फिल्म ‘दस्तक’ का ऑफर मिला था. 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म के जरिए मशहूर एक्ट्रेस सुष्मिता सेन ने भी डेब्यू किया था. इसमें शरद ने एक साइको लवर का किरदार निभाया था. हालांकि फिल्म टिकट खिड़की पर कामयाब नहीं रही.
एक्स सीएम की पोती से की थी शादी
शरद ने शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की साल 2000 में आई फिल्म ‘जोश’ में विलेन का किरदार निभाया था. इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट विलेन के अवॉर्ड से नवाजा गया था. दस्तक और जोश के अलावा वो विश्वविधाता, आंखों में तुम हो, तमन्ना, क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता, जानी दुश्मन और हथियार सहित कई फिल्मों में नजर आए. अभिनेता ने साल 2008 में पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से शादी की थी.






