
नई दिल्ली: दिल्ली में एक महिला ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। राजधानी दिल्ली से एक हिला देने वाली खबर सामने आई है। पढी-लिखी एक महिला ने अपनी 86 साल की सास की बेरहमी से हत्या कर डाली है। फ्राइंग पैन और कूकर से से पीट-पीटकर इस महिला ने अपनी सास का कत्ल किया है। फलैट के अंदर सास को बंद करके इस महिला ने 14 बार सास के ऊपर बर्तनों से वार किया जिसके बाद बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में इस महिला ने इसे एक्सीडेंट का नाम दिया। अब आखिरकार पुलिस ने इस केस को सुलझा लिया है।
दिल्ली में बहू की हैवानियत सुनकर कलेजा कांप जाएगा
ये रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर नेब सराय से आई है। यहां शर्मिष्ठा नाम की एक महिला अपने पति सुरजीत के साथ रहती थी। पास ही एक फ्लैट में इसकी बुजुर्ग सास अकेली रह रही थी। दरअसल शर्मिष्ठा अपनी सास को ओल्ड एज होम भेजना चाहती थी। बेटे ने पास ही अपनी मां के लिए फ्लैट ले लिया था।
सास का फ्राइंग पैन से पीट-पीटकर किया कत्ल
दोपहर ये बुजुर्ग महिला अपने घर पर थीं। तभी आरोपी बहू सास के घर पहुंची। इसने दरवाजे को अंदर से बंद किया। उस वक्त बुजुर्ग महिला किचन में थीं। इस हैवान बहू ने फ्राइंग पैन उठाया और सास पर काफी बार वार किए। कूकर से भी इसने सास को मारा। ये सास को तब तक मारती रही जब तक उनकी जान नहीं चली गई।
बेटे ने भी सबूत मिटाने में दिया पत्नी का साथ
जब सास की सांसे रुक गई तो इसने अपने पति को फोन किया और बताया कि गिरने की वजह से सास की मौत हो गई है। मामला पुलिस तक भी पहुंचा। लाश का पोस्टमार्टम हुआ तो सारी हकीकत सामने आई। शर्मिष्ठा के पति ने भी जुर्म को छुपाने के लिए अपनी पत्नी का साथ दिया। दरअसल शर्मिष्ठा की सास को मारते हुए सारी हरकतें सीसीटीव कैमरे में कैद हो गईं थी। बेटे सुरजीत ने सीसीटीवी कैमरे का मेमोरी कार्ड ही गायब कर दिया।
10 दिन बाद सुलझी बुजुर्ग महिला की मर्डर मिस्ट्री
पुलिस लगातार इस मामले में जांच में जुटी हुई थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही ये पता चला था 86 साल की बुजुर्ग महिला के शरीर में 14 चोट के निशान हैं। पुलिस ने छानबीन की, लेकिन आरोपी बेटा-बहू ने घर से सारे सबूत मिटा दिए थे। सीसीटीवी का मेमोरी कार्ड गायब था, बर्तनों को आरोपी बहू ने तभी साफ कर दिया था। यहां तक की बेटे ने पुलिस को बरगलाने के लिए पिछले साल अक्टूबर की एक फुटेज भी दिखाई जिसमें बुजुर्ग महिला गिर गईं हैं, लेकिन अब आखिरकार 10 दिन बाद पुलिस ने इस केस को सुलझा लिया। अब पुलिस को मेमोरी कार्ड भी बरामद कर लिया है। आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है।