Viral

भिण्ड के मालनपुर में सडक हादसा ट्रक की टक्कर से कार सवार चार की मौत

भिण्ड के मालनपुर में सडक हादसा ट्रक की टक्कर से कार सवार चार की मौत

भिण्ड। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मालनपुर में आज सुबह घने कोहरे के बीच सड़क हादसा हो गया। भिण्ड रोड हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।


पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी भिण्ड जिले के मेहगांव, ज्योति यादव निवासी भिण्ड, भूरे प्रजापति निवासी भिण्ड जिले के गोरमी और उमा राठौर के रूप में हुई है। सौरभ बीएससी एग्रीकल्चर का पेपर देकर उत्तरप्रदेश के आगरा से लौटा था। आज सुबह पॉलिटेक्निक का पेपर देने जा रहा था। कार उसके भाई की है। ग्वालियर जाते वक्त उसे रास्ते में सवारी मिल गई थी, जिनकी भी हादसे में मौत हो गई। ज्योति की बहन नीलम यादव ने बताया कि हमें सुबह सूचना मिली थी कि मालनपुर में एक्सीडेंट हुआ है। कार में मेरी बहन भी आ रही थी। उसे मथुरा जाना था इसलिए वह गोरमी से आ रही थी।


पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey